छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

*सेवा संकल्प अभियान के तहत वार्ड 14-15 में भव्य ‘आंगन मिलन समारोह’ आयोजित*

मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और जनजागरूकता का दिया संदेश; आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिनों का हुआ सम्मान*

राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद :- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 14 एवं 15 स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में भव्य एवं गरिमामय ‘आंगन मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। समारोह का उद्देश्य मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद *पुष्पा साहू* एवं वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद *सूरज सिन्हा* उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और पोषण का केंद्र नहीं, बल्कि स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की मजबूत नींव हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और जनजागरूकता पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आंगनबाड़ी *कार्यकर्ता सरस्वती ठाकुर, सहायिका रोहणी निर्मलकर* तथा वार्ड 14-15 की मितानिन *सीमा गुप्ता* का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करते हुए गोद भराई रस्म का आयोजन भी किया गया। स्वस्थ बच्चों का तिलक लगाकर एवं मुंह मीठा कराकर उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की मंगलकामना की गई।

*इस अवसर पर पुष्पा साहू, मिलेश्वरी साहू, सूरज सिन्हा, मंजरी गुप्ता, सरिता साहू, अर्चना उपाध्याय, माही यादव, शशिप्रभा सिन्हा, कृष्ण सिन्हा, तुलसी सिन्हा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।*

आंगन मिलन समारोह ने सेवा, सम्मान और संस्कार का ऐसा संदेश दिया, जिसने सेवा संकल्प अभियान की भावना को जनभागीदारी के साथ और अधिक मजबूत किया।

Leave Your Comment

Click to reload image