सेवा संकल्प अभियान 2026 : सेवा मेरा योगदान : युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर, जशपुर में 30 सितम्बर को संभाग स्तरीय रोजगार मेला
969 पदों पर होगी भर्ती, 10वीं-12वीं से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर
लाइवलीहुड कॉलेज जशपुर में सुबह 11 बजे से शुरू होगा रोजगार मेला, विभिन्न कंपनियां करेंगी अभ्यर्थियों का चयन
रायपुर, 29 सितम्बर 2026
सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जशपुर में 30 सितम्बर को संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। जिला रोजगार कार्यालय द्वारा लाइवलीहुड कॉलेज, दौड़काचौरा, जशपुरनगर में आयोजित इस रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों एवं संस्थानों द्वारा कुल 969 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
रोजगार मेले की खास बात यह है कि इसमें अलग-अलग शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक एवं विभिन्न पदों के लिए निर्धारित अन्य योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी इसमें शामिल होकर अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार के लिए आवेदन कर सकेंगे।
तकनीकी, बैंकिंग, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सेल्स सहित कई क्षेत्रों में रोजगार के अवसर
रोजगार मेले में होटल मैनेजमेंट, लाइफ मित्र, मैनेजर, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, फील्ड ऑफिसर, सिक्योरिटी गार्ड, नर्सिंग, असिस्टेंट केयरटेकर, बेबी सिटर, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, सेल्स मैनेजर, ट्रेनी फील्ड ऑफिसर, बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, इलेक्ट्रीशियन, बैंक असिस्टेंट, वेल्डर, कस्टमर रिलेशनशिप ऑफिसर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, शिक्षक एवं ट्रेनी सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
इस तरह रोजगार मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों क्षेत्रों के युवाओं को अवसर मिलेगा। चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित कंपनियों एवं संस्थानों के नियमानुसार वेतन और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
दस्तावेजों के साथ सुबह 11 बजे पहुंचे अभ्यर्थी
रोजगार मेला 30 सितम्बर को प्रातः 11 बजे से लाइवलीहुड कॉलेज, दौड़काचौरा, जशपुरनगर में आयोजित होगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, बायोडाटा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होने कहा गया है।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आयोजित यह रोजगार मेला युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों और संस्थानों से जुड़ने तथा अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर प्राप्त करने का मंच उपलब्ध कराएगा। जिले के पात्र युवाओं से रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।