छत्तीसगढ़ / रायपुर

बैटरी चलित ट्राइसाइकिल ने दिनेश की राह की आसान

 दिनेश को अब काम पर आने-जाने के लिए नहीं रहना पड़ता दूसरों पर निर्भर

रायपुर, 29 सितंबर 2026

शासन की दिव्यांगजन कल्याण योजनाएं जरूरतमंदों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मददगार साबित हो रही हैं। दुर्ग जिले के रिसाली नगर निगम क्षेत्र के आमा कुआं चौक, पुरैना निवासी श्री दिनेश साहू के जीवन में भी बैटरी चलित ट्राइसाइकिल ने बड़ा बदलाव लाया है।

    दोनों पैरों से 80 प्रतिशत दिव्यांग श्री दिनेश साहू निजी संस्थान में काम कर अपने परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग कर रहे हैं। दिव्यांगता के कारण उन्हें प्रतिदिन काम पर आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। आवागमन के लिए उन्हें कई बार दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे समय और श्रम दोनों अधिक लगते थे।

     इसी दौरान श्री साहू को समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की योजना की जानकारी मिली। उन्होंने समाज कल्याण विभाग, दुर्ग से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद ‘सुशासन तिहार’ के अवसर पर आयोजित शिविर में दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर द्वारा उन्हें बैटरी चलित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई।

   बैटरी चलित ट्राइसाइकिल मिलने के बाद श्री साहू के लिए रोजमर्रा का आवागमन काफी आसान हो गया है। अब वे अपने काम पर आने-जाने के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं हैं। इससे उनकी गतिशीलता बढ़ने के साथ दैनिक जीवन में आत्मनिर्भरता भी बढ़ी है।

   श्री दिनेश साहू ने बैटरी चलित ट्राइसाइकिल मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उनकी रोजमर्रा की एक बड़ी समस्या दूर हुई है और काम पर जाना आसान हो गया है। उन्होंने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है। 

Leave Your Comment

Click to reload image