छत्तीसगढ़ / रायपुर

दूसरे की जमीन बेचने का आरोप, एफआईआर की मांग

 

 

सांकरा (धनेली)। धरसीवां क्षेत्र के ग्राम सोंडरा में भूमि खरीद-फरोख्त से जुड़ा कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता यशवंत ढेबर ने रायपुर कलेक्टर और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर विक्रेता के आम मुख्त्यार और एक भूमि दलाल पर मिलीभगत कर दूसरे खसरे की भूमि का कब्जा दिलाने तथा लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

शिकायत के मुताबिक, ग्राम सोढ़रा स्थित खसरा क्रमांक 501/22, रकबा 0.053 हेक्टेयर भूमि का सौदा भूमि दलाल गोविन्द यादव के माध्यम से हुआ था। मूल भूमि स्वामी जितेन्द्र खेमानी के आम मुख्त्यार प्रमोद निषाद द्वारा 23 दिसंबर 2024 को उक्त भूमि का विक्रय पत्र पंजीकृत कराया गया। इसके बाद शिकायतकर्ता को भूमि का कब्जा भी सौंप दिया गया।

यशवंत ढेबर का कहना है कि उन्होंने भूमि की पूरी राशि का भुगतान करने के बाद मौके पर सीमा दीवार का निर्माण भी कराया। बाद में कुछ लोगों द्वारा उक्त भूमि पर दावा किए जाने के बाद उन्होंने तहसीलदार धरसीवां के समक्ष सीमांकन के लिए आवेदन किया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, सीमांकन के दौरान पटवारी की रिपोर्ट में यह सामने आया कि जिस भूमि पर उनका कब्जा है, वह राजस्व अभिलेखों में खसरा क्रमांक 501/22 के बजाय खसरा क्रमांक 514 एवं 515 में दर्ज है। इसके बाद शिकायतकर्ता ने विक्रेता के आम मुख्त्यार और भूमि दलाल पर मिलीभगत कर गलत भूमि का कब्जा दिलाने का आरोप लगाया।

शिकायतकर्ता ने कलेक्टर और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में संबंधित पक्षों का पक्ष सामने आने के बाद ही आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image