बालोद। ग्राम देऊरतराई में आयोजित दो दिवसीय संगीतमय रामधुनी सम्मेलन का सोमवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ समापन हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने शामिल होकर रामधुनी का आनंद लिया। आयोजन के अंतिम दिवस जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।समापन अवसर पर संजारी-बालोद विधानसभा क्षेत्र के जनसेवक राकेश यादव, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र देशमुख, जुंगेरा मंडल महामंत्री शांतनु साहू, जुंगेरा मंडल किसान मोर्चा अध्यक्ष हेमराज साहू, सिवनी पंचायत के सरपंच बहुर सिंह नेताम, उपसरपंच टोमन धाकड़ एवं कमलेश निषाद सहित अन्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए।
अतिथियों ने रामधुनी सम्मेलन में पहुंचकर आयोजन का उत्साह बढ़ाया तथा ग्रामीणों से मुलाकात कर धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के महत्व पर चर्चा की। इस दौरान ग्रामीणों ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।इस अवसर पर राकेश यादव ने कहा कि रामधुनी केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और एकता का संदेश देने का माध्यम भी है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।ग्रामवासियों ने कहा कि दो दिवसीय संगीतमय रामधुनी सम्मेलन के माध्यम से गांव में भक्तिमय वातावरण बना रहा। रामधुनी मंडलियों द्वारा प्रस्तुत भजनों एवं धार्मिक गीतों से पूरा गांव राममय नजर आया। आयोजन में ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही और सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।आयोजन के सफल समापन पर ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति ने कार्यक्रम में पहुंचकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने वाले सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।