निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण के बाद नए व छूटे हुए मतदाताओं के लिए चलेगा ’’विशेष अभियान’’
दंतेवाड़ा । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) के पूर्ण होने के पश्चात छूटे हुए एवं पहली बार युवा मतदाताओं के मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा।
विशेष अभियान के अंतर्गत वर्तमान में मतदाता सूची में अपंजीकृत व्यक्ति अथवा किसी कारणवश मतदाता सूची से नाम हटाए गए पात्र व्यक्ति पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकेंगे। अभियान के दौरान ऐसे पात्र नागरिकों का चिन्हांकन कर उनका मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा शैक्षणिक संस्थानों सहित स्थानीय स्तर पर स्वीप गतिविधियों के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के अवसर एवं प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी देवेश कुमार ध्रुव तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि आयोग के निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके और जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक तक पंजीकरण का अवसर पहुंचाया जा सके।