छत्तीसगढ़ / रायगढ़

जिला अस्पताल में बनेगा 300 बेड का नया भवन, 30 बेड का ट्रॉमा सेंटर भी कलेक्टर ने प्रस्तावित स्थल का किया निरीक्षण

 रायगढ़, अक्टूबर 2026

किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय परिसर में 300-बेड के नए भवन और 30-बेड के ट्रॉमा सेंटर के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने मंगलवार को प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर निर्माण से पहले की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने स्थल पर मौजूद जर्जर भवन को शीघ्र डिस्मेंटल कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

प्रस्तावित अस्पताल में मरीजों को एक ही परिसर में उपचार और जांच की व्यापक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। यहां आपातकालीन एवं ट्रॉमा सेवाओं के साथ गंभीर मरीजों के उपचार के लिए आईसीयू, एचडीयू, पीआईसीयू और वेंटिलेटर बेड की सुविधा होगी। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए प्रसव कक्ष, मदर एवं न्यू बॉर्न वार्ड तथा एसएनसीयू-एनआईसीयू की व्यवस्था प्रस्तावित है। अस्पताल में चार ऑपरेशन थिएटर, छह-बेड डायलिसिस वार्ड, बर्न वार्ड तथा एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई और अल्ट्रासाउंड जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं। पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, ब्लड बैंक, फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास सेवाओं के साथ सामान्य और निजी वार्ड भी होंगे। मरीजों एवं परिजनों के लिए प्रतीक्षालय, पंजीयन, परामर्श, पार्किंग, लिफ्ट, रैंप और कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

नए अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर के निर्माण से रायगढ़ जिले के साथ आसपास के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को बेहतर आपातकालीन, विशेषज्ञ और गंभीर उपचार की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण विस्तार होगा। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत, सिविल सर्जन डॉ. दिनेश कुमार पटेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image