सेवा की कहानी : गांव में ही मिला बेहतर इलाज, मेगा स्वास्थ्य शिविर बना ग्रामीणों के लिए उम्मीद की किरण
कोडेकुर्से में निःशुल्क जांच, उपचार, चश्मा और दवाइयां मिलने से मरीजों को मिली बड़ी राहत
उत्तर बस्तर कांकेर 11 अक्टूबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच आसान बनाने के उद्देश्य से दुर्गूकोंदल विकासखंड के ग्राम कोडेकुर्से में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श, निःशुल्क चश्मा और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इससे लोगों को विशेष लाभ मिला, जिन्हें दूरी और अन्य परेशानियों के कारण इलाज के लिए शहर जाना मुश्किल होता है।
चार महीने से आंखों की समस्या से परेशान अशोक को मिली राहत
ग्राम चौरगांव निवासी अशोक कुमार गावरे पिछले करीब चार महीने से आंखों की समस्या से परेशान थे। लगातार परेशानी के बावजूद उन्हें उचित जांच और उपचार के लिए भटकना पड़ रहा था। ग्राम कोडेकुर्से में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर उनके लिए मददगार साबित हुआ। यहां नेत्र विशेषज्ञों ने उनकी आंखों की जांच की और आवश्यक परामर्श देते हुए उन्हें निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराया। इससे अशोक कुमार को काफी राहत मिली। उन्होंने कहा कि गांव के पास ही स्वास्थ्य शिविर आयोजित होने से उन्हें विशेषज्ञों से जांच कराने और निःशुल्क चश्मा प्राप्त करने का अवसर मिला।
सीने में दर्द की परेशानी, गांव में ही मिला उपचार
इसी तरह सिंगो बाई भी सीने में दर्द की समस्या से परेशान थीं। अस्पताल दूर होने के कारण शहर जाकर इलाज कराना उनके लिए कठिन था। ऐसे में गांव के नजदीक मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित होने की जानकारी मिलने पर वे उपचार के लिए पहुंचीं। शिविर में डॉक्टरों ने उनकी जांच की और आवश्यक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराईं। सिंगो बाई ने बताया कि अस्पताल दूर होने के कारण इलाज कराने में काफी परेशानी होती थी, लेकिन गांव के पास ही शिविर लगने से उन्हें बड़ी राहत मिली। डॉक्टरों से जांच कराने और निःशुल्क दवाइयां मिलने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।