कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने खेतों में पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का लिया जायजा
डिजिटल फसल प्रविष्टि एवं एग्री स्टैक पोर्टल में पंजीयन के लिए किसानों को जागरूक करने के दिए निर्देश
कोण्डागांव, 12 अक्टूबर 2026
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने सोमवार को जिले में संचालित डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान केशकाल के ग्राम पिपरा, बेड़मा और फरसगांव के ग्राम शकरपुर के खेतों में पहुंचकर सर्वे कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूरा किया जाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जिले के सभी किसानों की फसलों का भौतिक सत्यापन एवं डिजिटल प्रविष्टि सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों से कहा कि वे अपने-अपने गांव के किसानों को डिजिटल फसल प्रविष्टि एप के माध्यम से सर्वेयर द्वारा फसलों का भौतिक सत्यापन एवं डिजिटल फसल प्रविष्टि कराने के लिए प्रेरित करें। साथ ही किसानों को एग्री स्टैक पोर्टल में पंजीयन कराने के लिए भी जागरूक करें। उन्होंने बताया कि किसानों को अपनी उपज का विक्रय करने के लिए यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण एवं अनिवार्य है।
कलेक्टर ने सभी सरपंचों, सचिवों एवं पटवारियों से इस कार्य में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सर्वे एवं पंजीयन की प्रक्रिया में कोई भी पात्र किसान छूटने न पाए। उन्होंने मैदानी अमले को किसानों से सतत संपर्क बनाए रखने तथा सर्वे कार्य में आने वाली समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान फरसगांव एसडीएम श्री अश्वन पुसाम, केशकाल एसडीएम सुश्री आकांक्षा नायक, अधीक्षक भू-अभिलेख सुश्री सुषमा मंडावी, तहसीलदार श्री गणेश सिदार एवं श्री अंकुर रात्रे, जनपद पंचायत सीईओ श्री अनुराग सिन्हा एवं श्री रूपेंद्र नेताम सहित राजस्व, कृषि एवं पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।