राजनांदगांव जिले में 77.40 किलोमीटर सड़कों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 88.13 करोड़ रूपए स्वीकृत
राजनांदगांव । छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राजनांदगांव जिले में सड़क अधोसंरचना के विकास एवं आवागमन की सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा जिले के चार प्रमुख सड़क मार्गों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्यों के लिए कुल 88 करोड़ 13 लाख 44 हजार रूपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत कुल 77.40 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। इन कार्यों में आवश्यकतानुसार पुल-पुलिया निर्माण भी शामिल है।
लोक निर्माण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वीकृत कार्यों में टेडेसरा-मुढ़ीपार-कलडबरी-झुमका-रेंगाकठेरा मार्ग के 35 किलोमीटर लंबाई के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 35 करोड़ 62 लाख 62 हजार रूपए, धनगांव-बरगा-इंदामरा-बांकल मार्ग के 6.80 किलोमीटर लंबाई के लिए 19 करोड़ 70 लाख 82 हजार रूपए, राजनांदगांव-जालबांधा मार्ग के 26.60 किलोमीटर लंबाई के लिए 19 करोड़ 52 लाख 38 हजार रूपए तथा अरसीटोला-टप्पा मार्ग के 9 किलोमीटर लंबाई के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 13 करोड़ 27 लाख 62 हजार रूपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सड़क मार्गों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा। साथ ही नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
सड़कों के उन्नयन से किसानों को कृषि उपज के परिवहन, व्यापारिक गतिविधियों के संचालन तथा ग्रामीण क्षेत्रों से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी। इन कार्यों से जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूती मिलने के साथ ही क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।