छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव

ग्राम भानपुरी में महतारी सदन से महिला सशक्तिकरण को मिलेगी नई दिशा

 राजनांदगांव ।  ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम भानपुरी में महतारी सदन बनकर तैयार हो गया है। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना अंतर्गत 24 लाख 70 हजार रूपए की लागत से निर्मित यह भवन महिलाओं की एकजुटता, स्वावलंबन और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। महतारी सदन से गांव की महिलाओं को अपने हुनर को निखारने और आजीविका के नए अवसर तलाशने के लिए सुविधायुक्त स्थान मिलेगा। वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत महतारी सदन का निर्माण पूर्ण होने से महिला स्व-सहायता समूहों को सामूहिक गतिविधियों के संचालन के लिए स्थायी भवन उपलब्ध होगा। यहां समूहों की बैठकें, कौशल विकास प्रशिक्षण, स्वरोजगार एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। इससे महिलाओं को अपनी आर्थिक गतिविधियों की योजना बनाने और सामूहिक निर्णय लेने में सुविधा होगी।

ग्राम भानपुरी की महिलाओं के लिए महतारी सदन आत्मनिर्भरता की नई उम्मीद लेकर आया है। घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ आर्थिक रूप से सक्षम बनने की आकांक्षा रखने वाली महिलाओं को यहां अपनी प्रतिभा निखारने और आयमूलक गतिविधियों से जुडऩे के अवसर मिलेंगे। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकेंगे। महतारी सदन का निर्माण ग्रामीण अधोसंरचना विकास के साथ महिला सशक्तिकरण की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके संचालन से महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग बढ़ेगा। शासन की यह पहल ग्राम भानपुरी में महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सामुदायिक विकास को नई गति देगी।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image