कलेक्टर ने केदारपुर में मिट्टी बांध का किया निरीक्षण
सूरजपुर । कलेक्टर रेना जमील ने विकासखंड प्रेमनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत केदारपुर में विकसित भारत जी-राम-जी योजना के तहत निर्मित मिट्टी बांध का निरीक्षण कर जल संग्रहण एवं सिंचाई सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों से गर्मी के मौसम में पानी की उपलब्धता तथा किसानों को मिल रहे लाभ के संबंध में जानकारी ली।
संबंधित अधिकारियों ने बताया कि मिट्टी बांध में जल संग्रहण से आसपास के किसानों को गर्मी के मौसम में तरबूज, टमाटर सहित विभिन्न सब्जियों की खेती में सुविधा मिलती है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होने के साथ ही कृषि गतिविधियों के माध्यम से आय अर्जित करने के अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इस खरीफ सींजन में किसानों के द्वारा धान की ,खेती के लिए मिट्टी बांध में संचित पानी का उपयोग किया गया है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर जमील ने मिट्टी बांध में जल की पर्याप्त उपलब्धता एवं गर्मी के मौसम में जल संग्रहण की संभावनाओं को देखते हुए मछली पालन की गतिविधियां शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के साथ उपलब्ध जल संसाधनों का आजीविका संवर्धन के लिए भी बेहतर उपयोग किया जाए, ताकि स्थानीय ग्रामीणों को आय के अतिरिक्त स्रोत उपलब्ध हो सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों को मछली पालन जैसी आयमूलक गतिविधियों से जोड़ने तथा जल संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर नयनतारा सिंह तोमर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।