विज्ञान की पढ़ाई बनेगी रोचक, शिक्षकों को मिला गतिविधि आधारित प्रशिक्षण
सूरजपुर । शिक्षा विभाग, जिला सूरजपुर के तत्वावधान में आज संयुक्त जिला कार्यालय सूरजपुर में विकासखंड स्तरीय मेंटर शिक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में भौतिकी एवं रसायन विज्ञान की हैंड्स-ऑन गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला संयुक्त कलेक्टर प्रशांत जायसवाल एवं डिप्टी कलेक्टर यशवंत कुमार देवांगन की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर रसायन विज्ञान गोपाल सिंह, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामानुजनगर भौतिकी दुष्यंत कुमार राजवाड़े, स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, नवापारा, सूरजपुरने प्रशिक्षण दिया।
जिले के सभी विकासखंडों से आए 24 शिक्षकों ने कार्यशाला में भाग लिया। प्रशिक्षकों ने सरल और कम लागत वाली सामग्री से वैज्ञानिक प्रयोग करके दिखाया गया। साथ ही उन्होंने इन प्रयोगों के पीछे के वैज्ञानिक सिद्धांत भी समझाए। प्रतिभागी शिक्षकों ने हर प्रयोग स्वयं करके उसकी विधि सीखी।
मास्टर ट्रेनर ने अपने स्तर पर 100 से अधिक कम लागत और अधिक प्रभावी शिक्षण सामग्री (ज्स्ड) तैयार की है। ये सामग्रियाँ घरेलू और आसानी से मिलने वाली वस्तुओं से बनी हैं। इनसे विद्यार्थी कठिन वैज्ञानिक अवधारणाएँ देखकर और स्वयं करके आसानी से समझ सकते हैं। कार्यशाला में ये सभी सामग्रियाँ प्रतिभागी शिक्षकों को सिखाई गई ।
कलेक्टर रेना जमील ने संयुक्त कलेक्टर प्रशांत जायसवाल की इस पहल की सराहना की। उन्होंने मास्टर ट्रेनर शिक्षक दुष्यंत कुमार राजवाड़े और गोपाल सिंह के नवाचार की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सामग्री से विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होगा।
प्रतिभागी शिक्षकों ने भी कार्यशाला को अत्यंत रोचक, सहभागितापूर्ण और ज्ञानवर्धक बताया। प्रशिक्षित शिक्षक अब अपने-अपने विकासखंडों में अन्य शिक्षकों को ये प्रयोग सिखाएंगे। इससे जिले के विद्यालयों में प्रायोगिक और गतिविधि-आधारित विज्ञान शिक्षण को बढ़ावा मिलेगा।