छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

ग्रामीण अंचलों तक पहुंच रही आयुष स्वास्थ्य सेवाएं, गणेशपुर में 446 मरीजों का निःशुल्क उपचार

 सूरजपुर । ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुष विभाग द्वारा लगातार स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में संचालनालय आयुष के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन में जिला आयुष अधिकारी डॉ. अबुल फैज के नेतृत्व में विकासखंड रामानुजनगर अंतर्गत ग्राम गणेशपुर के साप्ताहिक बाजार में आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को उनके गांव के समीप ही निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में कुल 446 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर आयुष चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया। विशेष रूप से साप्ताहिक बाजार में शिविर आयोजित किए जाने से आसपास के गांवों से बाजार पहुंचे ग्रामीणों को भी स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की सुविधा प्राप्त हुई।

 

जिला आयुष अधिकारी डॉ. अबुल फैज के नेतृत्व में विभागीय अमले द्वारा शिविर का सुव्यवस्थित संचालन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में जनपद सदस्य रोहित सिंह, ग्राम सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

Leave Your Comment

Click to reload image