छत्तीसगढ़ / कोंडागांव

10 कुष्ठ प्रभावित मरीजों को एमसीआर चप्पल और सेल्फ केयर किट वितरित, शारीरिक विकृति से बचाव के लिए दिया गया प्रशिक्षण

 कोंडागांव । सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड विश्रामपुरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अक्षमता एवं विकृति सुधार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुष्ठ रोग से प्रभावित 10 मरीजों को शारीरिक अक्षमता एवं विकृति से बचाव के लिए आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही उन्हें एमसीआर (माइक्रो सेलुलर रबर) चप्पल और सेल्फ केयर किट वितरित की गई।

शिविर का आयोजन कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. हरेंद्र बघेल के निर्देशन में किया गया। जिले में कुष्ठ रोग उन्मूलन संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सीएमएचओ कार्यालय के एनएमए लोकेश सोनी के प्रयासों से शिविर का सुव्यवस्थित आयोजन किया गया।

शिविर में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराग भारती ने मरीजों को एमसीआर चप्पल एवं सेल्फ केयर किट वितरित की। उन्होंने मरीजों को किट के सही उपयोग, नियमित स्व-देखभाल और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। साथ ही बताया कि नियमित देखभाल और समय पर आवश्यक उपाय अपनाकर कुष्ठ रोग से होने वाली शारीरिक अक्षमता एवं विकृति के जोखिम को कम किया जा सकता है।

 

शिविर के सफल आयोजन में ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर, सेक्टर सुपरवाइजर श्रवण साहू तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी-कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। इस पहल का उद्देश्य कुष्ठ रोग से प्रभावित मरीजों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ उन्हें नियमित देखभाल के प्रति जागरूक करना है।

 

Leave Your Comment

Click to reload image