छत्तीसगढ़ / बिलासपुर

नवाचार को प्रोत्साहन, युवाओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान

सीएमडी महाविद्यालय में उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बिलासपुर, 23 अक्टूबर 2026/जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा सीएमडी महाविद्यालय में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026’ एवं उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में नवाचार एवं उद्यमशीलता को बढ़ावा देना तथा उनके नए विचारों को उचित मंच प्रदान करना रहा।
 

कार्यक्रम के दौरान जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के प्रबंधक सुनील कुमार पाण्डेय ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि इसके अंतर्गत 10 विभिन्न सेक्टरों से नवीन एवं उपयोगी विचार आमंत्रित किए जा रहे हैं। प्रत्येक सेक्टर से पांच विजेताओं का चयन किया जाएगा। इनमें एक स्थान महिला प्रतिभागियों तथा एक स्थान 21 वर्ष से कम आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए आरक्षित रहेगा। इस प्रकार कुल 50 विजेताओं का चयन किया जाएगा। प्रत्येक विजेता को 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता के तहत कुल पांच करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी।
 
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इसमें केवल विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि बाहर के इच्छुक प्रतिभागी और नवाचारकर्ता भी हिस्सा ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी sevainnovationchallenge. in पोर्टल के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। महाविद्यालय के चेयरमैन डॉ. संजय दुबे ने विद्यार्थियों को नए एवं विशिष्ट विचार प्रस्तुत करने और समाज तथा उद्योग की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए रचनात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, प्रबंधक उत्तम कुमार दुबे ने स्वरोजगार संबंधी योजनाओं एवं उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।
 
महाविद्यालय के प्राचार्य संजय सिंह ने विद्यार्थियों एवं स्टाफ से प्रतियोगिता की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा इच्छुक प्रतिभागियों को पंजीयन के लिए प्रेरित करने की अपील की। कार्यक्रम में कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल सहित अन्य प्राध्यापकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस दौरान लगभग 60 से अधिक विद्यार्थी उपस्थित थे।
रचना/
--00--
समाचार
स्वच्छ और कचरा मुक्त गांव बनाने पर जोर, राज्य सलाहकार ने किया स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण

घर-घर कचरा संग्रहण और कचरे के पृथक्करण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश
बिलासपुर, 23 अक्टूबर 2026/स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की राज्य सलाहकार श्रीमती मोनिका सिंह ने बिल्हा विकासखंड के ओडीएफ मॉडल ग्राम बिटकुली, पासीद, खम्हारडीह एवं मंगला (प) में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने गांवों में स्वच्छता व्यवस्था, घर-घर कचरा संग्रहण और अपशिष्ट निपटान की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही स्वच्छ एवं कचरा मुक्त गांव बनाने के लिए ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती सिंह ने स्वच्छग्राहियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के अंतर्गत कचरे को चार श्रेणियों सूखा, गीला, सेनेटरी एवं विशेष देखभाल वाले इलेक्ट्रॉनिक कचरे में अलग-अलग रखने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए घरों से ही कचरे का पृथक्करण जरूरी है। ग्रामीणों को नियमित कचरा संग्रहण में सहयोग करने और स्वच्छता शुल्क का भुगतान करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। श्रीमती सिंह ने घर-घर कचरा संग्रहण में संलग्न स्वच्छग्राही समूहों के सदस्यों से चर्चा कर उनके कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सरपंचों एवं सचिवों से कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वाले लोगों को पहले समझाइश दी जाए। इसके बाद भी नियमों का पालन नहीं करने वालों पर नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने गांवों में निर्मित सामुदायिक शौचालयों के नियमित उपयोग और स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर जिला समन्वयक, जनपद पंचायत की टीम, नोडल अधिकारी, सरपंच, पंच, सचिव, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बिहान समूह की महिलाएं, स्वच्छग्राही एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
रचना/  
--00--
समाचार
राशन दुकान संचालन के लिए आवेदन 4 नवम्बर तक
बिलासपुर, 23 अक्टूबर 2026/जिले के कोटा विकासखण्ड अंतर्गत शासकीय उचित मूल्य की दुकान जोगीपुर, मिट्ठू नवागांव, करबा, पुडु, पोंड़ी (402003032), मोहली, लूफा, उपका, शक्तीबहरा, कुरबार, नगोई, कर्रा, नवागांव (स), लमकेना, तुलुफ, पोंड़ी (402003105) के आबंटन के लिए 4 नवम्बर 2026 तक बंद लिफाफे में आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये है।  
 
ग्राम पंचायत एवं स्थानीय नगरीय निकाय, महिला स्व सहायता समूह, प्राथमिक कृषि साख समितियां, अन्य उपभोक्ता सहकारी समितियां, राज्य शासन द्वारा विनिर्दिष्ट उपक्रम, वृहदाकार आदिम जाति बहुदेशीय सहकारी समिति (लेम्पस) एवं वन सुरक्षा समितियों के आवेदन ही स्वीकार किये जाएंगे। सहकारी समितियों एवं महिला स्व सहायता समूहों को दुकान आबंटन हेतु आवेदन करने की तारीख से कम से कम 3 माह पूर्व पंजीकृत होना अनिवार्य है। आवेदन करने वाली सहकारी समिति एवं महिला स्व सहायता समूह वर्तमान में कार्यरत हो तथा उसे सामाजिक-आर्थिक क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव हो। आवेदन केवल निर्धारित प्रारूप में सील बंद लिफाफे में ही स्वीकार किया जाएगा। बंद लिफाफे के ऊपर जिस दुकान के लिए आवेदन कर रहें है उसका नाम व आई.डी. अनिवार्य रूप से लिखा होना चाहिए। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 4 नवम्बर 2026 को दोपहर 3 बजे तक है। नियत तिथि एवं समय के पश्चात आवेदन स्वीकार नहीं किये जाएंगे।
 
आवेदन करने के लिए समिति एवं संस्थान के पंजीयन की सत्यापित छायाप्रति, समिति, संस्था, पंचायत के सभी सदस्यों के नाम, पते व आधार की सत्यापित छायाप्रति की जानकारी, आवेदक समिति, समूह, पंचायत का बचत बैंक खाता की प्रमाणित छायाप्रति एवं अंतिम 3 माह का स्टेटमेंट, समिति एवं संस्था का शपथ पत्र आदि होना आवश्यक है।
रचना/

Leave Your Comment

Click to reload image