महतारी वंदन योजना से श्रीमती राधिका बाई का बढ़ा आत्मविश्वास, घरेलू जरूरतों की पूर्ति हुई आसान
सक्ती,अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में सहायक साबित हो रही है। योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करने के साथ ही परिवार की आर्थिक व्यवस्था में भी सहयोग कर रही हैं। सक्ती विकासखंड के ग्राम जेठा निवासी श्रीमती राधिका बाई सिदार भी महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ मिलने से पहले उन्हें घरेलू जरूरतों और छोटे-मोटे खर्चों के लिए परिवार के अन्य सदस्यों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली सहायता राशि से वे घरेलू उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की खरीदी तथा दैनिक खर्चों का प्रबंधन आसानी से कर पा रही हैं। श्रीमती राधिका बाई सिदार के अनुसार, महतारी वंदन योजना से उन्हें आर्थिक सहयोग मिलने के साथ ही आत्मविश्वास भी प्राप्त हुआ है। अब वे अपनी आवश्यकताओं से जुड़े निर्णय स्वयं लेने में सक्षम हो रही हैं। योजना से मिलने वाली राशि घरेलू खर्चों को पूरा करने में सहायक बन रही है, जिससे परिवार को भी आर्थिक राहत मिल रही है। श्रीमती राधिका बाई सिदार ने महतारी वंदन योजना को महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में उपयोगी पहल बताते हुए इसके लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके अनुसार, योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता ने उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करना आसान बनाया है और उनमें आत्मनिर्भर बनने का विश्वास बढ़ाया है।