छत्तीसगढ़ / रायगढ़

जल जीवन मिशन से बदली रायगढ़ के वनांचल ग्राम नूनदरहा की तस्वीर

 पानी लाने की परेशानी से मुक्त होकर महिलाएं बचा रहीं समय और श्रम

रायगढ़, अक्टूबर 2026

घर तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचने से ग्रामीण परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी आसान हो रही है। रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड के वनांचल ग्राम नूनदरहा में जल जीवन मिशन के तहत शुरू हुई नल जल प्रदाय योजना ने ग्रामीणों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या को दूर करने में मदद की है। कभी पानी जुटाने के लिए सुबह से मशक्कत करने वाली गांव की महिलाओं को अब घर पर ही पानी उपलब्ध हो रहा है।

ग्राम नूनदरहा में योजना लागू होने से पहले घर के पास पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए दूर जाना पड़ता था। इसका सबसे अधिक असर महिलाओं पर पड़ता था। गर्मी के दिनों में पारंपरिक जल स्रोतों में पानी कम होने से परेशानी और बढ़ जाती थी। गांव की श्रीमती शांति चौहान भी इसी परेशानी से जूझती थीं। घर तक नल से पानी पहुंचने के बाद अब उन्हें पानी के इंतजाम के लिए पहले की तरह दूर नहीं जाना पड़ता। इससे उनके दैनिक कामकाज में आसानी हुई है और परिवार को भी राहत मिली है। योजना से ग्राम नूनदरहा के परिवारों को घर पर ही पेयजल उपलब्ध होने लगा है। इससे पानी लाने के लिए लगने वाले समय और श्रम में कमी आई है। साथ ही घरों में खाना बनाने, बर्तन साफ करने और व्यक्तिगत स्वच्छता जैसे रोजमर्रा के कार्यों के लिए पानी की उपलब्धता भी आसान हुई है।
331 परिवारों तक पहुंची योजना की सुविधा

तमनार विकासखंड का ग्राम नूनदरहा जिला मुख्यालय रायगढ़ से लगभग 47 किलोमीटर दूर स्थित है। गांव में कुल 331 परिवार निवासरत हैं और यहां की आबादी 1,281 है। जल जीवन मिशन के तहत नल जल प्रदाय व्यवस्था से गांव में घरों तक पेयजल पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव आया है। जल जीवन मिशन का उद्देश्य भी ग्रामीण परिवारों को घर पर नल से पर्याप्त एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें पानी जुटाने के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

Leave Your Comment

Click to reload image