छत्तीसगढ़ / बिलासपुर

निलंबित लाइसेंस पर वाहन चलाने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई : एसएसपी सिंह

 बिलासपुर । कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर जनवरी से अक्टूबर माह तक 892 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया कि निलंबित लाइसेंस के बावजूद वाहन चलाते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सड़क सुरक्षा की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। बताया गया कि पंधी मोड़ पर सीमेंट कांक्रीट से सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया गया है। इससे मोड़ पर दृश्यता बेहतर होने के साथ वाहनों का आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा। इसी प्रकार लगरा मोड़ एवं ग्राम जांजी में भी शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। इन कार्यों से यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी। एसएसपी  रजनेश सिंह ने यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों में विशेष अभियान चलाने को कहा। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सुरक्षित आवागमन के संबंध में जागरूक करने पर जोर दिया। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर, आरटीओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image