छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

साप्ताहिक बाजार से लौट रहे सोना-चांदी व्यवसायी से लूट, पुलिस की विशेष टीमें जांच में जुटीं

साप्ताहिक बाजार से लौट रहे सोना-चांदी व्यवसायी से लूट, पुलिस की विशेष टीमें जांच में जुटीं

दुर्जनपुर के पास मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने रास्ता रोककर की मारपीट, 15 किलो से अधिक चांदी, सोने के आभूषण और डेढ़ लाख रुपये लूटने की सूचना

कवर्धा। कबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में सोना-चांदी के व्यवसायी से लूट की घटना सामने आई है। ग्राम दलदली के साप्ताहिक बाजार से सोना-चांदी की खरीदी-बिक्री कर मोटरसाइकिल से लौट रहे व्यवसायी वेदप्रकाश सोनी और उनके साथी को ग्राम दुर्जनपुर के पास अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने कथित तौर पर रोककर मारपीट की और उनके पास रखे आभूषणों तथा नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कबीरधाम पुलिस सक्रिय हो गई है। आरोपियों की पतासाजी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी गई है।

बैग में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी होने की जानकारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांडातराई निवासी वेदप्रकाश सोनी अपने साथी नरेंद्र पाटस्कर के साथ 27 अक्टूबर 2026 को ग्राम दलदली के साप्ताहिक बाजार से व्यवसाय संबंधी कार्य निपटाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम दुर्जनपुर के पास अज्ञात मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने दोनों के साथ मारपीट की और उनके पास मौजूद बैग लेकर फरार हो गए।

प्रार्थी वेदप्रकाश सोनी के अनुसार, लूटे गए बैग में पुराने और नए सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे। इनमें 15 किलोग्राम से अधिक चांदी के आभूषण, लगभग 10 से 15 ग्राम सोने के आभूषण तथा 1 लाख 50 हजार रुपये नकद होने की जानकारी दी गई है। हालांकि, लूटे गए सामान की वास्तविक मात्रा और कीमत की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

एसपी के निर्देश पर गठित की गईं विशेष टीमें

घटना की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने तत्काल घटना की सूचना प्राप्त होते ही कल शाम से ही पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में साइबर थाना एवम अन्य 3 थानों की विशेष टीम गठित कर आरोपियों के पता तलाश हेतु रवाना कर दिया गया है। थाना तरेगाव जंगल पुलिस की टीम घटना से संबंधित तथ्यों एवम परिस्थितियों की जांच कर रही है।इस मामले में पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी है।

Leave Your Comment

Click to reload image