छत्तीसगढ़ / मुंगेली

डबरीपारा तालाब के जीर्णोद्धार के लिए 2.57 करोड़ की स्वीकृति, बढ़ेगी सुविधाएं

 डबरीपारा तालाब के जीर्णोद्धार के लिए 2.57 करोड़ की स्वीकृति, बढ़ेगी सुविधाएं


 लोरमी - नगर पालिका परिषद लोरमी के अंतर्गत वार्ड 2, 5, 6 के बीच स्थित डबरीपारा तालाब के जीर्णोद्धार कार्य के लिए मिशन अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत राज्य शहरी विकास अभिकरण, द्वारा 2 करोड़ 57 लाख 62 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें पांच वर्षों के संचालन एवं संधारण का खर्च भी शामिल है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की मिशन अमृत 2.0 योजना के तहत यह स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना का उद्देश्य शहरी जलस्रोतों का संरक्षण, पुनर्जीवन एवं पर्यावरणीय संतुलन को बढ़ावा देना है। डबरीपारा तालाब के जीर्णोद्धार कार्य की स्वीकृति मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. अशोक जायसवाल एवं सभापति विश्वास दुबे ने केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस कार्य से नगर के जलस्रोतों के संरक्षण और तालाब के विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, तालाब के पुनर्जीवन से पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी तथा नागरिकों को भी इसका लाभप्राप्त होगा। डबरीपारा तालाब का जीर्णोद्धार कार्य पूरा होने से नगर में जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।

नगर पालिका के इंजीनियर जयंत साहू ने बताया कि योजना के तहत तालाब का जीर्णोद्धार का कार्य होगा इसके तहत तालाब में एसटीपी का निर्माण होगा, जिसके माध्यम से खराब पानी को ट्रीट करके बाहर निकाला जाएगा। तालाब के चारों तरफ रिटेनिंग वाल, तीन पचरी और चारों तरफ पाथवे का निर्माण होगा। तालाब के चारों ओर लाइटिंग के लिए सोलर स्ट्रीट लाइट लगाया जाएगा। प्राक्कलन में एक बोर का भी प्रावधान किया गया है। सीएमओ चंदन शर्मा ने बताया कि इसी से जुड़ा हुआ एक नाली निर्माण के लिए निविदा लगी हुई है, तालाब के जीर्णोद्धार का कार्य समय पर पूरा करा लिया जायेगा।

तालाब को मिलेगा पुनर्जीवन

नगर के डबरीपारा तालाब की स्थिति वर्तमान में दयनीय है, कभी यह तालाब आसपास के रहने वाले सैकड़ों परिवारों का निस्तारी का प्रमुख साधन था, लेकिन समय के साथ लोगों की सुविधाएं बढ़ी और घर से निकलने वाला गंदा पानी नाली के माध्यम से तालाब में ही जाने लगा। जिसके चलते यह तालाब का पानी उपयोग के लायक नहीं रहा। वर्तमान में तालाब में गाद भर चुका है। पुरे तालाब में असंख्य खरपतवार हो गए है, लेकिन अब इस तालाब को पुनर्जीवित करने की बड़ी पहल की गई है। नगर पालिका के सभापति और वार्ड 6 के पार्षद विश्वास दुबे ने बताया कि तालाब के जीर्णोद्धार के माध्यम से खराब हो चुके तालाब को फिर से बेहतर स्थिति में लाया जायेगा। इसके अंतर्गत तालाब से गाद और कचरा निकालना, जलभराव की क्षमता बढ़ाना, पानी के प्राकृतिक आवागमन को सुधारना, किनारों का संरक्षण करना तथा लैंड स्केपिंग जैसे कार्य किए जायेंगे। इस योजना का मुख्य उद्देश्य तालाब में पानी की उपलब्धता बनाए रखना, भूजल स्तर बढ़ाने में मदद करना और पर्यावरण को सुरक्षित रखना है। डबरीपारा तालाब में यह कार्य होने से तालाब के संरक्षण, जल संचयन और नगर के पर्यावरण सुधार को बढ़ावा मिलने के साथ साथ लोगो की सुविधाएं बढ़ेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image