छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

’वॉलीबॉल में जिले के शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तरमहाविद्यालय की बेटियों का जलवा, लगातार दूसरी बार बनीं सेक्टर चौंपियन’

 ’फाइनल में यू.टी.डी. बस्तर को सीधे सेटों में हराकर जीता खिताब, आसमती सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और भूमिका सर्वश्रेष्ठ स्मैशर चुनी गईं’

दंतेवाड़ा, 29 अक्टूबर 2026

शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दंतेवाड़ा की महिला वॉलीबॉल टीम ने शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरे वर्ष सेक्टर स्तरीय प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया है। उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में 23 एवं 24 अक्टूबर 2026 को आयोजित सेक्टर स्तरीय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता में महाविद्यालय की खिलाडि़यों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, आपसी तालमेल और अनुशासन का परिचय देते हुए दंतेवाड़ा का गौरव बढ़ाया।
    इस प्रतियोगिता में गत वर्ष की विजेता दंतेवाड़ा महाविद्यालय की टीम ने इस वर्ष भी अपना दबदबा कायम रखा। टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जगदलपुर को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में दंतेवाड़ा की टीम का सामना यू.टी.डी. बस्तर से हुआ। महाविद्यालय की क्रीड़ा अधिकारी डॉ. भारती रजक के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में खिलाडि़यों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और यू.टी.डी. बस्तर को सीधे सेटों में

हराकर वर्ष 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।
    इस प्रतियोगिता में दंतेवाड़ा महाविद्यालय की खिलाड़ी आसमती, बी.ए. प्रथम सेमेस्टर, को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। वहीं भूमिका, बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर, ने दमदार स्मैश और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ स्मैशर का पुरस्कार हासिल किया। विजेता टीम में आसमती, भूमिका, किरण, संजना, देवेश्वरी, करीना, कश्मीरा, हरिता एवं लक्ष्मी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। खिलाडि़यों की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, अनुशासन और जीत के प्रति दृढ़ संकल्प ने टीम को लगातार दूसरी बार चौंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। 

Leave Your Comment

Click to reload image