छत्तीसगढ़ / कोरिया

युवा प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, बैकुंठपुर में 31 अक्टूबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव’

 ’कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने युवाओं से भागीदारी की अपील की; मानस भवन में सुबह 9 बजे से होगा आयोजन’

’कोरिया अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार जिले की स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए आगामी 31 अक्टूबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के मानस भवन में आयोजित यह एक दिवसीय उत्सव प्रातः 9 बजे से प्रारंभ होगा।

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिले के युवाओं से उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि युवा उत्सव युवाओं की रचनात्मकता, कला और सांस्कृतिक प्रतिभा को राष्ट्रीय पटल तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच है। विकसित भारत चौलेंज ट्रैक के माध्यम से युवाओं को देश के समावेशी विकास के लिए अपने अभिनव विचार साझा करने का अवसर भी मिलेगा।

उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभागी के रूप में भाग ले सकेंगे। संगतकारों के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 17 अगस्त 2026 की स्थिति में की जाएगी। प्रत्येक प्रतिभागी किसी भी स्तर की प्रतियोगिता में केवल एक विधा में भाग ले सकेगा।

खेल अधिकारी श्री जितेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि आयोजन की सभी प्रशासनिक एवं व्यवस्थागत तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्सव में विकसित भारत चौलेंज ट्रैक सहित कला, साहित्य और संस्कृति से जुड़ी विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन और पारंपरिक वेशभूषा जैसी विधाएं शामिल हैं। रॉक बैंड प्रतियोगिता का आयोजन केवल राज्य स्तर पर किया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image