छत्तीसगढ़ / कोरिया

26वें राज्योत्सव में बिखरेगी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की छटा, संजय सुरीला के लोकगीतों से सजेगी शाम’

 ’स्थानीय प्रतिभाओं के साथ प्रदेश के कलाकार देंगे प्रस्तुति; विधायक भईया लाल राजवाड़े होंगे मुख्य अतिथि’

’कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से सपरिवार शामिल होने की अपील की’

’कोरिया अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 2 नवंबर, सोमवार को बैकुंठपुर में 26वें राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। शासकीय आदर्श रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित समारोह में स्थानीय प्रतिभाओं के साथ प्रदेश के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। प्रसिद्ध लोकगायक संजय सुरीला के छत्तीसगढ़ी लोकगीत कार्यक्रम का विशेष आकर्षण होंगे। समारोह के शुभारंभ अवसर पर बैकुंठपुर विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सायं 4 से 5रू30 बजे तक स्थानीय कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सायं 5रू30 से 6 बजे तक मुख्य अतिथि का आगमन एवं उद्घाटन कार्यक्रम होगा। इसके बाद सायं 6 से रात्रि 10 बजे तक विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।

सांस्कृतिक संध्या में अंबिकापुर के संजय सुरीला छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे। रायपुर की किरण शर्मा एंड ग्रुप महारास एवं मोर नृत्य प्रस्तुत करेगी। बिलासपुर के वाइब्रेशन डांस स्टूडियो की वेस्टर्न डांस प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र होगी। नरेंद्र जलक्षत्रिय एवं सुश्री शिल्पा सिंह कथक नृत्य, निनवा का जय दुर्गा पंडवानी दल पंडवानी तथा रायपुर का सियाधेश म्यूजिक सुगम संगीत की प्रस्तुति देगा।

कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने बताया कि राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को लगातार दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं और व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। आयोजन स्थल पर शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विभागीय प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी, जिनके माध्यम से नागरिकों को योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी मिलेगी।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 2 नवंबर को सपरिवार राज्योत्सव में शामिल होकर स्थानीय प्रतिभाओं और कलाकारों का उत्साहवर्धन करें तथा आयोजन को सफल बनाएं।

Leave Your Comment

Click to reload image