छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

सोना डबल करने का झांसा देकर 7 लाख के आभूषणों की ठगी, महाराष्ट्र से एक आरोपी गिरफ्तार

 सोना डबल करने का झांसा देकर 7 लाख के आभूषणों की ठगी, महाराष्ट्र से एक आरोपी गिरफ्तार


65.5 ग्राम सोने के आभूषण लेकर हुए थे फरार, आरोपी से 15 हजार रुपये बरामद; मुख्य आरोपी की तलाश जारी

कवर्धा। पूजा-पाठ के माध्यम से सोना दोगुना करने का झांसा देकर सराफा व्यवसायी से करीब 7 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषणों की धोखाधड़ी करने के मामले में कबीरधाम पुलिस ने महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम में उसके हिस्से के रूप में मिली राशि में से शेष 15 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश पुलिस कर रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 6 अक्टूबर 2026 की है। कवर्धा के सराफा लाइन निवासी छोटे लाल सोनी ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दो व्यक्ति उनके व्यावसायिक प्रतिष्ठान में पहुंचे और पूजा-पाठ के माध्यम से सोना दोगुना करने का लालच दिया। आरोपियों ने प्रतिष्ठान के सामने स्थित शक्ति मंदिर में पूजा-पाठ करने के बाद सोना डबल करने का झांसा देकर उनकी सोने की चेन, अंगूठी और लॉकेट ले लिए। इन आभूषणों का कुल वजन 65.5 ग्राम तथा अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये थी। आभूषण लेकर दोनों आरोपी फरार हो गए।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली कवर्धा में अपराध क्रमांक 456/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से हुई पहचान

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच में हसनैन नासिर अली ईरानी (18 वर्ष), निवासी मोहम्मद अली रोड, खडका चौपल्ली, थाना बाजारपेठ, भुसावल, जिला जलगांव, महाराष्ट्र की संलिप्तता सामने आई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे हिरासत में लेकर कवर्धा लाया गया। पुलिस के अनुसार, विवेचना में अपेक्षित सहयोग नहीं करने और नोटिस की शर्तों का पालन नहीं करने पर उसके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई।

15 हजार रुपये की रकम बरामद

पुलिस ने थाने में प्रार्थी से आरोपी की पहचान की कार्रवाई कराई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर धोखाधड़ी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन और निशानदेही के आधार पर ठगी की रकम में उसके हिस्से के 48 हजार रुपये में से शेष बची 15 हजार रुपये की राशि बरामद कर विधिवत जब्त की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है। उसकी तलाश और पतासाजी की जा रही है तथा प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित कुमार पटेल और अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में की गई। उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर के नेतृत्व में थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image