छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

33.290 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप की हेराफेरी मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार

33.290 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप की हेराफेरी मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार

हरियाणा से ओडिशा जा रहे ट्रक को चिल्फी घाटी में दुर्घटनाग्रस्त दिखाकर की गई थी हेराफेरी, गाजियाबाद से पकड़ा गया आरोपी

कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने ट्रक से 33.290 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप की हेराफेरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे चौथे आरोपी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रमाकांत उर्फ मोनू पाण्डेय (35 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर स्थानीय न्यायालय से दो कार्य दिवस का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया और कबीरधाम लाकर 1 नवंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया। इस मामले में पुलिस पूर्व में तीन आरोपियों हिमांशु राजपूत, धर्मेंद्र कुमार और पवन राजपूत को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रकरण में अब भी लगभग 24.80 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप की बरामदगी शेष है।

ट्रक में लोड माल से कम स्क्रैप मिलने पर खुला मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अगस्त 2022 को ट्रक क्रमांक RJ-05-GB-5730 में हरियाणा के रोहतक से 33.290 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप लोड कर टाटा स्टील, कलिंगनगर (ओडिशा) के लिए रवाना किया गया था। कंपनी द्वारा ट्रक का 94 हजार रुपये किराया वाहन स्वामी के एचडीएफसी बैंक खाते में जमा कराया गया था। निर्धारित गंतव्य पर ट्रक नहीं पहुंचने पर कंपनी ने पतासाजी शुरू की। इस दौरान ट्रक कबीरधाम जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र की चिल्फी घाटी में खाई में दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिला। जांच में ट्रक में करीब आठ मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप ही पाया गया, जबकि रवाना करते समय उसमें 33.290 मीट्रिक टन माल लोड था। इस तरह शेष माल की हेराफेरी का मामला सामने आने पर कंपनी के प्रतिनिधि ने थाना चिल्फी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

तीन आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में संलिप्तता पाए जाने पर हिमांशु राजपूत, धर्मेंद्र कुमार और पवन राजपूत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। विवेचना में सामने आए तथ्यों और अन्य आरोपियों के कथनों के आधार पर रमाकांत उर्फ मोनू पाण्डेय की संलिप्तता भी सामने आई। आरोपी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद थाना क्षेत्र का निवासी है। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदलकर रह रहा था।

साइबर सेल की मदद से गाजियाबाद में दी दबिश

पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी चिल्फी निरीक्षक बीरेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साइबर सेल की सहायता से तकनीकी साक्ष्यों और आरोपी के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। इसके बाद उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद थाना क्षेत्र में पतासाजी कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। मामले में उसकी संलिप्तता से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 30 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

आरोपी को गाजियाबाद के स्थानीय न्यायालय से दो कार्य दिवस का ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद कबीरधाम लाया गया। पुलिस ने मामले के संबंध में पूछताछ कर उसका भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 23(2) के तहत मेमोरेंडम कथन दर्ज किया। इसके बाद 1 नवंबर 2026 को उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

शेष माल की बरामदगी के लिए विवेचना जारी

पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक लगभग 24.80 मीट्रिक टन स्टील स्क्रैप की बरामदगी शेष है। पुलिस इस माल की बरामदगी सहित प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देशन में की गई। कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें और अपराध नियंत्रण में सहयोग प्रदान करें।

Leave Your Comment

Click to reload image