छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

शब्दबीज नवाचार को मिली डिजिटल विस्तार, राज्योत्सव में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया शुभारंभ

 सूरजपुर । प्राथमिक शिक्षा में बच्चों की शब्दावली, भाषा समझ और अभिव्यक्ति क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से सूरजपुर जिले में संचालित अभिनव शैक्षणिक पहल शब्दबीज ने तकनीक के साथ एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। राज्योत्सव 2026 के अवसर पर महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने स्कूल शिक्षा एवं समग्र शिक्षा विभाग के विभागीय स्टॉल में शब्दबीज नवाचार की डिजिटल एचटीएमएल फाइल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों अधिकारियों की उपस्थिति रही।

इस नई पहल के साथ अब बच्चे शब्दबीज को केवल पढ़कर ही नहीं, बल्कि सुनकर भी सीख सकेंगे। नवाचार के तहत आज का शब्दबीज ऑडियो फॉर्मेट में भी प्रतिदिन जारी किया जाएगा। इससे बच्चों को नए शब्दों के सही उच्चारण, अर्थ और वाक्यों में उनके प्रयोग को सुनने एवं समझने का अवसर मिलेगा।

मोबाइल पर उपलब्ध होगी शब्दबीज की डिजिटल सामग्री

शब्दबीज व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से शिक्षकों एवं संबंधित सदस्यों के मोबाइल पर शब्दबीज की एचटीएमएल फाइल साझा की जा रही है। इस फाइल को गूगल क्रोम के माध्यम से आसानी से खोला जा सकता है। इसमें प्रतिदिन के नए शब्द के साथ उसका सरल हिंदी अर्थ, अंग्रेजी रूप, उच्चारण तथा वाक्यों में प्रयोग शामिल किया गया है।

इस डिजिटल फाइल की विशेषता यह है कि प्रत्येक शब्द की सामग्री के साथ स्पीकर बटन दिया गया है। इसे दबाते ही संबंधित शब्द, उसका अर्थ, अंग्रेजी रूप, उच्चारण और उदाहरण वाक्य ऑडियो के माध्यम से सुने जा सकते हैं। इससे शिक्षक कक्षा में मोबाइल के माध्यम से बच्चों को सुनने और बोलने का अभ्यास भी करा सकेंगे।

पढ़ने के साथ सुनने और बोलने की अभ्यास को दी जा रही प्राथमिकता

शब्दबीज नवाचार का उद्देश्य बच्चों को केवल शब्दों का रटंत ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें शब्दों का अर्थ समझने, सही उच्चारण करने, पढ़ने, लिखने, वाक्य निर्माण करने और दैनिक जीवन में उनका प्रयोग करने के लिए सक्षम बनाना है। डिजिटल और ऑडियो सुविधा जुड़ने से इस प्रक्रिया को और अधिक रोचक, सहज एवं प्रभावी बनाने की दिशा में पहल की गई है। शिक्षकों से अपील की गई है कि वे व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा की गई एचटीएमएल फाइल को गूगल क्रोम में खोलकर नियमित रूप से कक्षा में इसका उपयोग करें तथा बच्चों को शब्द सुनने, दोहराने, अर्थ समझने और स्वयं वाक्य बनाने के अवसर प्रदान करें।

शब्द उत्सव की गतिविधियों ने अतिथियों को किया प्रभावित, मुक्तकंठ से की सराहना

राज्योत्सव में शब्दबीज नवाचार के स्टॉल पर प्रदर्शित शब्द उत्सव की गतिविधियां भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। अतिथियों ने बच्चों के लिए तैयार की गई रोचक एवं सहभागिता पूर्ण गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव लिया। इस दौरान उन्होंने ‘शब्द जमाओ’, ‘शब्दवीर बनो’ तथा ‘शब्दबीज ज्ञान चक्र घुमाओ, पहेली बूझो’ जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शब्दों को जोड़ने, पहचानने, उनके अर्थ समझने और ज्ञान चक्र के माध्यम से पहेलियां बूझने की इन गतिविधियों ने अतिथियों को विशेष रूप से आकर्षित किया। सभी अतिथियों ने शब्दबीज नवाचार की मौलिक अवधारणा, इसकी खेल-खेल में सीखने की पद्धति तथा बच्चों में भाषा कौशल विकसित करने के इस अभिनव प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image