भारत के विकास में युवाओं की सहभागिता: 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' विषय पर युवा संसद का सफल आयोजन
सूरजपुर । मेरा युवा भारत के तत्वावधान में शासकीय रेवती रमण मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय एक राष्ट्र, एक चुनाव रहा। जहां कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक समझ, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
इस अवसर पर युवाओं ने एक राष्ट्र, एक चुनाव की अवधारणा, भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनावी प्रक्रिया तथा इसके संभावित लाभ एवं चुनौतियों पर अपना विचार प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों ने संसदीय प्रक्रिया के माध्यम से अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से रखने का प्रयास किया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर साक्षी गुप्ता ने प्रथम स्थान, हेमंत कुमार ने द्वितीय स्थान एवं उपासना गोयन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आयोजन के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा लोकतांत्रिक विषयों पर विचार व्यक्त करने का अवसर प्राप्त हुआ।