छत्तीसगढ़ / महासमुंद

सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद ने बागबाहरा ब्लॉक अंतर्गत पीएम जनमन आवास,प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट, आजीविका डबरी एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण

 महासमुंद नवंबर 2026

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री अनुपम आनंद ने बुधवार को बागबाहरा विकासखंड के ग्रामों का मैदानी निरीक्षण कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम बागबाहरा कला, लमकेनी, तेंदूकोना एवं कलमीदादर का दौरा कर विभिन्न निर्माण कार्यों और ग्रामीण विकास से जुड़ी गतिविधियों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत बनाए जा रहे आवासों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने आवास निर्माण की स्थिति का जायजा लेते हुए हितग्राहियों से चर्चा की और निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का भी निरीक्षण किया तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। इसी तरह ग्रामीण परिवारों की आजीविका के साधनों को मजबूत करने के उद्देश्य से निर्मित की जा रही आजीविका डबरियों का अवलोकन किया। उन्होंने गांवों में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूर्ण करने पर जोर दिया।
सुश्री आनंद ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल एवं केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही पंचायत भवन पहुंचकर पंचायत स्तर पर संचालित प्रशासनिक एवं कार्यालयीन गतिविधियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत ने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में नियमित निगरानी सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों का बेहतर लाभ आमजन को मिल सके।

Leave Your Comment

Click to reload image