छत्तीसगढ़ / धमतरी

कंडेल में 4.65 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा महाविद्यालय, ग्रामीण युवाओं को मिलेगी उच्च शिक्षा की सुविधा

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने निर्माण स्थल का किया निरीक्षण, महाविद्यालय के साथ पुस्तकालय एवं अन्य ग्रामीण अधोसंरचनाओं के विकास पर दिया जोर

धमतरी, नवंबर 2026

ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ाने और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कंडेल में 4 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से महाविद्यालय का निर्माण किया जा रहा है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने बीते दिनों कंडेल प्रवास के दौरान निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की लागत, नक्शे एवं प्रस्तावित संरचना का अवलोकन किया।
इस अवसर पर कलेक्टर ने पंचायत पदाधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि महाविद्यालय की स्थापना से कंडेल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूरस्थ शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी। विशेष रूप से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। महाविद्यालय के साथ पुस्तकालय जैसी सुविधाओं के विकास से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा संबंधी अधोसंरचनाओं का विकास ग्रामीण युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे क्षेत्र में शैक्षणिक वातावरण मजबूत होगा और विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलेंगे।
कलेक्टर ने बताया कि गांव में गोदाम, पंचायत भवन, विवाह भवन तथा महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं। इन विकास कार्यों से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि महाविद्यालय सहित सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराए जाएं। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक लाभ आम नागरिकों और विद्यार्थियों तक पहुंचना चाहिए। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री सतिन्दर चहल, एसडीएम डॉ.कल्पना ध््राुव,  एसडीओ श्री मुरलीधर पैकरा, सीईओ जनपद पंचायत धमतरी श्रीमती वर्षा रानी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image