बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला में स्व सहायता समूहों को ऋण एवं बैंकिंग सुविधाओं की दी गई जानकारी
कोण्डागांव,नवम्बर 2026
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोण्डागांव श्री अविनाश भोई की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत के सभा कक्ष में बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में नेशनल रिसोर्स पर्सन, एनआईआरडी (एमओआरडी) के श्री गगन बिहारी भुइयां एवं राज्य कार्यालय के मास्टर ट्रेनर श्री नंदलाल पाण्डेय द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण में जिले के समस्त बैंक शाखा प्रबंधक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के जिला मिशन प्रबंधक श्री विनय सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एफआई), समस्त जनपद पंचायतों के विकासखण्ड परियोजना प्रबंधक, एफआई नोडल, क्षेत्रीय समन्वयक, बैंक सखी एवं प्रत्येक क्लस्टर से दो-दो एफएलसीआरपी उपस्थित रहे।
कार्यशाला में स्व सहायता समूहों को ऋण प्रदान करने की प्रक्रिया, ऑनलाइन ऋण आवेदन, सामुदायिक आधारित ऋण वापसी तंत्र (सीबीआरएन) समिति गठन एवं कार्यप्रणाली, आरएफ, सीआईएफ, बैंक लिंकेज, बीमा, पेंशन, मुद्रा लोन, समूहों का दोहरी प्रमाणीकरण तथा बीसी सखी से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के उद्देश्यों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी आवश्यकता को लेकर बैंक प्रबंधकों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। बीसी सखी के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर घर पहुंच डिजिटल बैंकिंग एवं लेनदेन की सुविधा उपलब्ध कराने तथा बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्व सहायता समूहों के सदस्यों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने, बैंक लिंकेज के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने तथा उन्हें लखपति दीदी बनने के लिए प्रेरित करने हेतु बैंक प्रबंधकों से आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया गया।