छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

धान खरीदी केन्द्रों में किसानों के लिए पेयजल, छाया और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करे - कलेक्टर श्री शर्मा

 राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें, कार्यों में रूचि नहीं लेने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश

गरियाबंद, 12 नवम्बर 2026/

कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि 13 नवम्बर को जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयालदास बघेल द्वारा जिला स्तरीय समीक्षा बैठक ली जाएगी। वहीं 15 नवम्बर से जिले में धान खरीदी प्रारंभ होगी। इसे देखते हुए कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने तथा अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री शर्मा ने धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि धान खरीदी केन्द्रों में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी केन्द्रों में पेयजल, स्वच्छता एवं छाया की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। धान खरीदी के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी अपने-अपने केन्द्रों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करें और व्यवस्थाओं का जायजा लें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कहा कि धान खरीदी केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध हो। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक बारदाने में 40 किलोग्राम से अधिक धान नहीं लिया जाए। धान संग्रहण केन्द्रों में भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। खरीदी प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की सुविधा और समस्याओं के निराकरण को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें।
बैठक में राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अविवादित नामांतरण एवं खाता विभाजन से संबंधित लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने एसडीएम को कार्यालयीन कार्यों के साथ-साथ नियमित रूप से मैदानी क्षेत्रों का भ्रमण करने तथा जमीनी स्तर पर कार्यों की स्थिति का जायजा लेने को कहा। जिन ठेकेदारों द्वारा स्वीकृत कार्यों में रुचि नहीं ली जा रही है अथवा निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं किया जा रहा है, ऐसे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई करें।
कलेक्टर ने पशुधन विकास विभाग को पशुओं का समय पर टीकाकरण कराने, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को आंगनबाड़ी केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने पर भी जोर दिया। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों में लापरवाही न बरतें तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर, पंकज डाहिरे सहित जिले के सभी अधिकारी उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image