बाल आनंद मेले में बच्चों ने दिखाई हुनर और उद्यमिता की प्रतिभा, स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
कबीरधाम |
2026-11-19 18:18:58
कामठी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बाल दिवस पर हुआ भव्य आयोजन, बच्चों ने सीखा क्रय-विक्रय और व्यवहारिक जीवन का पाठ
पंडरिया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कामठी में बाल दिवस के अवसर पर आज बाल आनंद मेले का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। मेले में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अलग-अलग टोलियां बनाकर विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए। बच्चों द्वारा तैयार किए गए पकवानों और आकर्षक स्टॉलों ने मेले में आए अतिथियों एवं शिक्षकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
बाल आनंद मेले में विद्यार्थियों ने अपनी पाककला एवं रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए गुझिया, ब्रेड पकोड़ा, आलू पकोड़ा, भाटा भजिया, चना चटपटी, चौसेला, गुलाब जामुन, पास्ता, गुपचुप, भेल, साबूदाना बड़ा, दाल बड़ा, मिर्ची पकोड़ा, नारियल खीर, सलौनी, प्याज भजिया, जलेबी एवं अंकुरित अनाज सहित अनेक प्रकार के व्यंजनों के स्टॉल लगाए। बच्चों ने स्वयं व्यंजन तैयार करने से लेकर उनकी बिक्री और ग्राहकों से संवाद करने तक की जिम्मेदारी निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वनांचल क्षेत्र विधायक प्रतिनिधि रामगोपाल वट्टी, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष द्वारिका विश्वकर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक ठाकुर, संस्था की प्राचार्य श्रीमती हेमलता टंडन एवं संकुल समन्वयक रघुनंदन गुप्ता द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बाल आनंद मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का एक महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और कार्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाल आनंद मेले जैसे आयोजन बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक जीवन का व्यवहारिक अनुभव प्रदान करते हैं। जब बच्चे स्वयं समूह बनाकर किसी वस्तु का निर्माण करते हैं और उसका क्रय-विक्रय करते हैं, तो उन्हें लागत, मूल्य निर्धारण, लाभ-हानि, लेन-देन तथा आर्थिक प्रबंधन की प्रारंभिक समझ विकसित होती है। इससे उनमें आत्मनिर्भरता, उद्यमशीलता और निर्णय लेने की क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि बच्चों को जीवन की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाना भी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने और उनके भविष्य के सपनों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान संकुल की विभिन्न संस्थाओं से उपस्थित शिक्षकों ने बच्चों द्वारा लगाए गए स्टॉलों से व्यंजनों की खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया। इससे विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन में बच्चों ने अपनी मेहनत, रचनात्मकता और सामूहिक सहभागिता से मेले को यादगार बना दिया।
इस आयोजन को सफल बनाने में राजेश शर्मा, मनोज कुमार आदित्य, तुलस चंद्राकर, हीरालाल छापरिया, यशवंत कुम्भकार, सुमित पाण्डेय, कोमल धृतलहरे सहित संस्था के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। बाल आनंद मेले ने विद्यार्थियों को सीखने के साथ आनंद लेने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान किया।