छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

जिले के सभी 27 मंडलों में गूंजा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ का संदेश, जन चौपालों के जरिए कांग्रेस ने किया मताधिकार के प्रति जागरूक

लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ 12 से 15 नवंबर तक चला अभियान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कार्यकर्ताओं और नागरिकों का जताया आभार

कवर्धा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के आह्वान एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी कवर्धा द्वारा जिलेभर में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत मंडल स्तरीय जन चौपालों का आयोजन किया गया। 12 से 15 नवंबर 2026 तक चले इस अभियान के अंतर्गत जिले के सभी 27 मंडलों में जन चौपालों के माध्यम से आम नागरिकों को उनके मताधिकार के महत्व और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवीन जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इन जन चौपालों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद किया। इस दौरान मतदाता सूची में नाम की सुरक्षा, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। जन चौपालों में स्थानीय नागरिकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

अभियान की सफलता पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने जिले के सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों, ब्लॉक प्रभारियों, मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं सहित सभी कांग्रेसजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा से जुड़ा जनजागरण अभियान है। जिले के सभी 27 मंडलों में कांग्रेसजनों ने जिस एकजुटता, उत्साह और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई है, वह सराहनीय है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और आम नागरिकों के सहयोग से अभियान का संदेश गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

जायसवाल ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट संकल्प है कि देश के प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा हो, कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे तथा निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सुरक्षित रहना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि वोट की रक्षा, लोकतंत्र की रक्षा है और लोकतंत्र की रक्षा ही संविधान की रक्षा है। कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों की आवाज बुलंद करते हुए लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image