विश्व शौचालय दिवस पर वनांचल ग्राम कोयलारझोरी की बालिकाओं को मिला सर्वसुविधायुक्त शौचालय की सौगात
कबीरधाम |
2026-11-21 18:11:07
विश्व शौचालय दिवस पर वनांचल ग्राम कोयलारझोरी की बालिकाओं को मिला सर्वसुविधायुक्त शौचालय की सौगात
मेरी बेटी मेरा अभिमान’ पहल से बेटियों की गरिमा, सुरक्षा और स्वच्छता को मिल रहा बढ़ावा, जिले के 334 स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय
कवर्धा- विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर कबीरधाम जिले के विकासखंड बोड़ला अंतर्गत वनांचल ग्राम कोयलारझोरी में स्कूली बालिकाओं को सर्वसुविधायुक्त बालिका शौचालय की सौगात मिली। विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘मेरी बेटी मेरा अभिमान’ के अंतर्गत निर्मित इस शौचालय का लोकार्पण स्कूली बालिकाओं ने फीता काटकर किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यालयों में बालिकाओं को स्वच्छ, सुरक्षित और गरिमापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य राजकुमार मेरावी सहित ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, शिक्षकगण, स्कूली बच्चे एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों की मांग और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों में पक्के शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में बालिकाओं के लिए शौचालय निर्माण का कार्य किया जा रहा है।
334 स्कूलों में 14.34 करोड़ रुपये से होगा निर्माण
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत कबीरधाम जिले के 334 प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में बालिका शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। इन निर्माण कार्यों के लिए कुल 14 करोड़ 34 लाख 58 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रत्येक बालिका शौचालय के निर्माण के लिए 4 लाख 30 हजार रुपये की लागत निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक शौचालय का निर्माण 16.2 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किया जा रहा है। इसकी लंबाई 4.50 मीटर और चौड़ाई 3.60 मीटर है। इन शौचालयों के निर्माण से विद्यालयों में बालिकाओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे उनकी गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही विद्यालयों में बालिकाओं की नियमित उपस्थिति को प्रोत्साहन मिलेगा।
बालिकाओं ने जताई खुशी, ग्रामीणों को भी मिला रोजगार
ग्राम कोयलारझोरी की स्कूली बालिकाओं ने नए शौचालय की सुविधा मिलने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि अब विद्यालय में सर्वसुविधायुक्त शौचालय उपलब्ध होने से उन्हें काफी सुविधा मिलेगी। इससे उनकी गरिमा और सुरक्षा बनी रहेगी तथा सभी मौसम में इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
इस निर्माण कार्य की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह भी है कि इससे स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। निर्माण कार्य में ग्रामीणों को प्रतिदिन 300 रुपये की मजदूरी का भुगतान किया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक सहयोग मिल रहा है।
जिले के 334 विद्यालयों में बालिका शौचालयों का निर्माण बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे ‘सशक्त बेटी, सशक्त समाज’ की परिकल्पना को धरातल पर साकार करने में मदद मिलेगी।