छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

बारिश के बीच धान की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, उपार्जन केंद्रों में किए गए पुख्ता इंतजाम

बारिश के बीच धान की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, उपार्जन केंद्रों में किए गए पुख्ता इंतजाम

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने दिए सतत निगरानी के निर्देश, तिरपाल से ढंककर सुरक्षित रखा जा रहा उपार्जित धान

कवर्धा-मौसम में बदलाव और बारिश की संभावना को देखते हुए कबीरधाम जिला प्रशासन धान की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क हो गया है। किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान को बारिश से बचाने के लिए जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। केंद्रों में तिरपाल की उपलब्धता से लेकर खुले में रखे धान को सुरक्षित ढंकने तक विशेष सावधानी बरती जा रही है।

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने संबंधित अधिकारियों को धान उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा उपार्जित धान को बारिश से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण किसानों की मेहनत से उपजे धान को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होना चाहिए।

अधिकारियों द्वारा केंद्रों का लगातार निरीक्षण

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। इस दौरान बारिश से धान को सुरक्षित रखने के लिए सभी उपार्जन केंद्रों में तिरपाल सहित अन्य जरूरी इंतजाम किए गए हैं। केंद्र प्रभारियों को खुले में रखे धान को समय पर ढंकने और उसके सुरक्षित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर के निर्देश पर जिला सहकारिता विभाग के अधिकारी जिले के विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। जिला सहकारिता आयुक्त भी स्वयं केंद्रों का भ्रमण कर बारिश से बचाव के लिए की गई तैयारियों का निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान तिरपाल की उपलब्धता, धान के सुरक्षित भंडारण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

धान खरीदी के साथ सुरक्षा और पारदर्शिता पर जोर

जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और निर्बाध बनाए रखने के साथ ही उपार्जित धान की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं उपार्जन केंद्र प्रभारियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन का प्रयास है कि मौसम में बदलाव और बारिश के बावजूद धान खरीदी की प्रक्रिया प्रभावित न हो तथा किसानों से खरीदे गए धान को किसी भी प्रकार की क्षति से बचाया जा सके। इसके लिए सभी केंद्रों में सतत निगरानी रखी जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image