छत्तीसगढ़ / रायगढ़

जिला स्तरीय युवा उत्सव में रायगढ़ के युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, विभिन्न विधाओं में विजेताओं का हुआ चयन

 लोकनृत्य, लोकगीत, एकांकी नटक, कविता लेखन, चित्रकला और पारंपरिक वेशभूषा में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा

राज्य स्तरीय युवा उत्सव में रायगढ़ के चयनित प्रतिभागी बिलासपुर में दिखाएंगे अपनी प्रतिभा

रायगढ़, 21 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में 20 नवंबर को रायगढ़ में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव में जिले के युवाओं ने लोककला, साहित्य, संगीत और रचनात्मक अभिव्यक्ति से जुड़ी विभिन्न विधाओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में लोकनृत्य, लोकगीत, एकांकी नाटक, कविता लेखन, चित्रकला एवं पारंपरिक वेशभूषा जैसी विधाएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्रीमती प्रतिमा सागर, सहायक क्रीड़ा अधिकारी श्री जीवनलाल नायक तथा उपस्थित निर्णायकों ने मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात लोकनृत्य की प्रस्तुति के साथ युवा उत्सव की प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ।
विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने हासिल किए स्थान
प्रतियोगिता के परिणामों में लोकनृत्य विधा में धरमजयगढ़ की हरावती एवं समूह ने प्रथम, रायगढ़ के मनीष कुमार एवं समूह ने द्वितीय तथा रितिका भगत एवं समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लोकगीत में तमनार के जगनारायण एवं समूह प्रथम, घरघोड़ा के अजय कुमार एवं समूह द्वितीय तथा तमनार के मनीष गुप्ता एवं समूह तृतीय स्थान पर रहे। एकांकी नाटक में सुशांत पटनायक एवं समूह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कविता लेखन में रायगढ़ के नवीन कुमार ने प्रथम, मुस्कान पटेल ने द्वितीय तथा पुसौर के जितेंद्र नायक ने तृतीय स्थान हासिल किया। पारंपरिक वेशभूषा में पुसौर की दिशा पटेल प्रथम, खरीन खड़िया द्वितीय तथा सच्चिदानंद सिदार तृतीय स्थान पर रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में रायगढ़ की भूमिका मेहर ने प्रथम, हर्षित यादव ने द्वितीय तथा रायगढ़ के ऋषभ वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विशेषज्ञ निर्णायकों की उपस्थिति में हुआ आयोजन
युवा उत्सव में विभिन्न विधाओं के विशेषज्ञ निर्णायकों एवं अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें श्री शरद वैष्णव, संचालक चक्रधर संगीत महाविद्यालय रायगढ़, श्री मनोज श्रीवास्तव वरिष्ठ अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध चित्रकार, श्री सुशील पटेल वरिष्ठ चित्रकार, डॉ. आशा किरण मेहर वरिष्ठ साहित्यकार, डॉ. अजय पटनायक अंतरराष्ट्रीय साहित्यकार, सुश्री निहारिका यादव अंतरराष्ट्रीय कथक कलाकार, सुश्री सुमन साहू चित्रकार, श्री कोमल सिंह तोमर व्याख्याता लारीपानी तथा श्री गजेंद्र चक्रधारी, प्राचार्य जानकी महाविद्यालय धनवाडेरा शामिल रहे। सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्रीमती प्रतिमा सागर द्वारा अतिथियों एवं निर्णायकों का शाल-श्रीफल भेंटकर आत्मीय सम्मान किया गया। वहीं आयोजन में सहयोग देने वाले व्याख्याताओं एवं व्यायाम शिक्षकों को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
राज्य स्तरीय युवा उत्सव में रायगढ़ के प्रतिभागी दिखाएंगे हुनर
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिथियों, निर्णायकों, सहायक संचालक श्रीमती प्रतिमा सागर एवं सहायक क्रीड़ा अधिकारी श्री जीवनलाल नायक ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। राज्य स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन बिलासपुर में 1 से 7 दिसंबर 2026 के मध्य प्रस्तावित है। इसमें जिले से चयनित प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिला स्तरीय युवा उत्सव के माध्यम से युवाओं को अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image