संविधान दिवस : मरीजों, नागरिकों व स्वास्थ्य कर्मियों को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति किया गया जागरूक
सूरजपुर । भारतीय संविधान के मूल्यों एवं लोकतांत्रिक भावना के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संविधान दिवस पर जिला चिकित्सालय सहित जिले के सभी सामुदायिक, प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर अधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, मरीजों एवं उनके परिजनों को संविधान की प्रस्तावना का महत्व बताते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के सिद्धांतों की जानकारी दी गई। साथ ही मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं, उपचार, गोपनीयता एवं सम्मानजनक व्यवहार से जुड़े अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मियों को संवेदनशीलता एवं निष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन करने तथा प्रत्येक नागरिक को बिना भेदभाव स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया।