मोबाइल से खाद की बुकिंग कर सकेंगे किसान, टोकन दिखाकर बिक्री केंद्र से लेंगे उर्वरक
रागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में डिजिटल व्यवस्था से अब तक 2,259 किसानों को मिली खाद
खैरागढ-छुईखदान-गंडई जिले के किसानों को रासायनिक खाद की उपलब्धता आसान बनाने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिये केन्द्र एवं राज्य सरकार ने उर्वरक बिक्री की नई डिजिटल व्यवस्था लागू की है। इसके तहत किसान मोबाइल एप के माध्यम से खाद की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के बाद जारी टोकन के आधार पर संबंधित बिक्री केन्द्र से उर्वरक प्राप्त किया जा सकेगा। जिले के कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देश में कृषि विभाग जिले में इस व्यवस्था के प्रचार-प्रसार और क्रियान्वयन की पहल कर रहा है।
इसी क्रम में जिले के शासकीय एवं निजी उर्वरक विक्रेताओं के माध्यम से निरंतर खाद वितरण किया जा रहा है। किसानों को उनके रकबे के आधार पर एवं इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के द्वारा फसल अनुसार उर्वरकों के अनुशंसा के आधार पर खाद मिलेगी, जिससे कि असंतुलित उर्वरक उपयोग एवं किसानों को अनावश्यक खाद विक्रय में अतिरिक्त लागत से बचा जा सकेगा।
फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाईजर सेल मोबाइल एप के माध्यम से जिले के 2259 कृषकों को उनके फसल के आधार पर खाद वितरण किया जा चुका है। नवीन खाद वितरण प्रणाली के सफल क्रियान्वयन हेतु जिले के कृषकों, उर्वरक विक्रेताओं एवं समिति प्रबंधकों को मास्टर ट्रेनर्स के द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में कृषि विभाग द्वारा सेवा सहकारी समिति मर्यादित बाजार अतरिया में कृषकों को नवीन खाद वितरण प्रणाली के माध्यम से कृषकों को टोकन जारी करने एवं वितरण व्यवस्था के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान समिति प्रबंधक अतरिया एवं अन्य कृषकगण उपस्थित रहे। टोकन सिस्टम के माध्यम से खाद वितरण में समस्या के समाधान हेतु कृषि विभाग से जिला स्तर पर हेल्प डेस्क नम्बर 8236007377, 9685053837 जारी किया गया हैं। यदि टोकन जारी करने या वितरण व्यवस्था संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होती है तो उपरोक्त हेल्प डेस्क नम्बर एवं विभाग में संपर्क किया जाकर समस्या का समाधान पा सकते हैं।