छत्तीसगढ़ / कोरबा

चरित्र संदेह पर पत्नी की हत्या करने वाले पति को आजीवन कारावास

कोरबा। चरित्र संदेह को लेकर पत्नी से विवाद करने के बाद डंडा से पीट कर हत्या कर दी। विवेचना कर पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया था। सुनवाई के बाद तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

मामला लेमरू थाना अंतर्गत 12 जुलाई 2023 का है। ग्राम गढ़ उपरोड़ा खालपारा निवासी पुरान सिंह कंवर अपनी पत्नी विश्वा बाई के साथ निवास करता था। पुरान अक्सर अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। 12 जुलाई को इसी बात को लेकर दोनों के मध्य विवाद हुआ, तब पुरान सिंह ने डंडा से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल पत्नी की मौत हो गई। पुरान ने पुलिस को गुमराह करते हुए बताया कि घटना दिनांक को वह सुबह आठ बजे खेत जोतने गया था, दोपहर 12 बजे घर आया तो पत्नी नहीं थी। सरई पत्ता तोड़ने जंगल गई थी। शाम चार बजे तक नहीं आने पर उसे ढूंढने जंगल गया। तब वह खेत किनारे बेहोश पड़ी मिली। उसे उठा कर घर लाया और होश आने पर खाना खिलाया। उसके बाद पत्नी विश्वा सो गई, तब वह मछली पकड़ने चला गया।

 

Leave Your Comment

Click to reload image