सामान्य ज्ञान

आईपीएल : सूखे की चपेट में है आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी का बल्ला !

- एकान्त प्रिय चौहान

आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी ऋषभ पंत का बल्ला फिलहाल बिल्कुल शांत है। यानी इस बल्ले से अब तक कोई कमाल पंत नहीं दिखा सके हैं। वैसे आप यह तो जानते ही हैं ऋषभ पंत अभी लखनऊ सुपर जायटंस के कप्तान हैं और लखनऊ ने उन्हें सबसे महंगी कीमत 27 करोड़ देकर अपनी टीम में शामिल किया है। इस उम्मीद के साथ कि उनकी कप्तानी में टीम बड़ा कमाल करेगी। लेकिन इस आईपीएल के अब तक 17 मैच हो चुके हैं और लखनऊ अपने तीन मैच खेल चुकी है। लेकिन उसने तीन मैच में सिर्फ एक मैच पर ही जीत दर्ज की। पहले मैच में दिल्ली ने लखनऊ को शिकस्त दी थी। वहीं दूसरे मैच में उसने जरूर हैदराबाद पर जीत दर्ज की।

लेकिन ऋषभ पंत अब तक के अपने तीनों मैचों में कोई कमाल नहीं दिखा पाए हैं। पहले मैच में वे दिल्ली के खिलाफ शून्य रन पर ही आउट हो गए तो दूसरे मैच में जरूर कुछ सफलता पाई, लेकिन यह आंकड़ा महज 15 रनों का ही रहा। इसके बाद उम्मीद की जा रही थी कि अब तीसरे मैच में उनका बल्ला कुछ कमाल करेगा। वो इसलिए क्योंकि एलएसजी की टीम पहली बार घर पर यानी लखनऊ में मैच खेल रही है। लेकिन यहां भी पंत का पीछा खराब फार्म से नहीं छूटा। इस बार भी वे टीम को संकट में डालकर आउट हो गए। पंत पांच बॉल पर केवल दो ही रन बना सके।

 
 

यानी तीन मैचों के बाद पंत के खाते में महज 17 रन ही हैं। जो लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम को काफी भारी पडऩे वाले हैं। यानी 27 करोड़ी इस बल्लेबाज के बल्ले तीन मैच में सिर्फ 17 रन ही बना पाएं तो टीम पर तो संकट के बादल जरूर मंडराने लगेंगे। इतना तो तय है कि लगातार तीन मैच में फ्लॉप होने के बाद ऋषभ पंत खुद भी संकट में होंगे। हालांकि ये सही है कि अभी तो शुरुआती मैच खेले जा रहे हैं, लेकिन जिस तरह का खेल टीम दिखा रही है, उससे टीम के भविष्य को लेकर कुछ अच्छा संकेत नहीं कहा जा सकता।

दो सबसे महंगे खिलाडिय़ों के बीच हुआ 13वां मुकाबला

आईपीएल 2025 के इस सीजन का 13वां मुकाबला 1 अप्रैल को दो सबसे महंगे खिलाडिय़ों के बीच हुआ। आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी ऋषभ पंत हैं, जिन्हें लखनऊ ने 27 करोड़ में खरीदा वहीं आईपीएल के ही दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी  श्रेयस अय्यर हैं, जिन्हें पंजाब ने 26.75 करोड़ में खरीदा है। पंजाब किंग्स की बात करें तो उसने अपने अभियान का आगाज गुजरात टाइटंस के खिलाफ किया। वो मुकाबाल हाई स्कोरिंग रहा। रन दोनों टीमों की ओर से बरसे। लेकिन, आखिर में जीत 11 रन से पंजाब किंग्स की हुई। इस मैच नें श्रेयस अय्यर ने 97 रन की नाबाद और तूफानी पारी खेली। अब तक खेले मैचों में श्रेयस ने अपने बल्ले का कमाल तो दिखा दिया है, लेकिन पंत का बल्ला अब वो कमाल नहीं दिखा पाया, जिसकी उम्मीद की जा सकती थी।

5 बार के चैंपियन मुंबई से होगा अगला मुकाबला

अब लखनऊ का मुकाबला 4 अप्रैल को 5 बार के चैंपियन मुंबई से होगा। वैसे मुंबई की बात करें तो मुंबई भी अपने तीन मैच खेल चुकी है और दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है। ठीक यही स्थिति लखनऊ की भी है। उसने भी अपने तीन मैच खेले हैं और एक पर ही जीत दर्ज की है। पाइंट्स टेबल की बात करें तो ये दोनों ही टीम 2-2 अंक के साथ क्रमश: पांचवें और छठवें स्थान पर आज की स्थिति में हैं। तो अब दोनों ही टीमें अपने-अपने मैच जीतकर पाइंट्स टेबल में उछाल की उम्मीद जरूर करेंगी। अब देखना यह है कि 4 अप्रैल को होने वाले मैच में ऋषभ पंत अपने टीम के लिए क्या योगदान देने वाले हैं। वे अन्य मैचों की तरह ही कोई कमाल नहीं दिखाएंगे या फिर अपने चौथे और महत्वपूर्ण मैच में अपने बल्ले से सूखा खत्म करने के इरादे से उतरेंगे। वैसे तीन मैचों में पंत ने काफी सबक लिया होगा, इसलिए अब वे पूरी जिम्मेदारी के साथ कप्तानी पारी खेलेंगे, ऐसी उम्मीद की जा सकती है।

Leave Your Comment

Click to reload image