गर्लफ्रेंड से मांगा गिफ्ट में दिया मोबाइल, तो उसने दी ऐसी धमकी कि युवक ने खा लिया जहर
इंदौर। मार्केटिंग का काम करने वाले अजीत ने मंगलवार को जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। अजीत का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती उसे दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देने लगी थी।
घटना से आक्रोशित स्वजन ने बुधवार दोपहर अजीत का शव रखकर युवती और उसके दोस्त पर केस दर्ज करने की मांग की। घटना गोटू महाराज की चाल की है। 35 वर्षीय अजीत कमल चौहान इलेक्ट्रानिक उपकरण बनाने वाली कंपनी में मार्केटिंग की नौकरी करता था। अजीत के माता-पिता गाड़ी अड्डा क्षेत्र में रहते हैं।
अजीत मामा राजा के पास गोटू महाराज की चाल में रहता था। उसका सुनैना नामक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे। अजीत सुनैना को उपहार और रुपये भी देता था। सुनैना कुछ समय से नीरज नामक युवक के संपर्क में आ गई।
दूरियां बनने के कारण दोनों में विवाद होने लगा। मंगलवार रात दोनों रानी सती गेट के समीप मिले और अजीत ने सुनैना से मोबाइल व अन्य सामान मांगा। सुनैना ने उसे धमकी दी कि दुष्कर्म के केस में फंसा देगी। इसके बाद अजीत ने जहर खा लिया।
स्वजन गंभीर अवस्था में अस्पताल ले गए लेकिन अजीत की मौत हो गई। पुलिस ने रात में मर्ग कायम कर सुनैना और नीरज के विरुद्ध जांच शुरू कर दी। बुधवार दोपहर अजीत के रिश्तेदार शव लेकर मालवा मील पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सुनैना और नीरज के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।