लाइक-कमेंट्स के करने नाम पर आईटी इंजीनियर को जाल में फंसाया और ठग लिए 30 लाख रुपये
इंदौर। एक बड़ी आईटी कंपनी की इंजीनियर को साइबर अपराधियों ने ठग लिया। अपराधियों ने उससे पहले वीडियो को लाइक-कमेंट्स करने के नाम पर एक हजार रुपये जमा कराए फिर क्रिप्टो करंसी में बड़े मुनाफे का लालच देकर 30 लाख रुपये ऐंठ लिए।
जब युवती ने रुपये निकालने की कोशिश की तो अपराधियों ने उसे मनी लांड्रिंग और साइबर क्राइम में फंसाने की धमकी देकर अपने मोबाइल बंद कर लिए। युवती की शिकायत पर अपराध शाखा ने एफआईआर दर्ज कर ली है। मोबाइल और बैंक खातों के आधार पर जांच चल रही है।
एसएमएस भेजकर वीडियो को लाइक करने का ऑफर दिया
एडिशनल डीसीपी (अपराध) राजेश दंडोतिया के मुताबिक 12 जुलाई को युवती के मोबाइल पर एक एसएमएस आया था। एसएमएस में घर बैठे ऑनलाइन रुपये कमाने का आसान तरीका बताया गया था। इसके जरिए ऑनलाइन वीडियो लाइक, कमेंट और सब्सक्राइब करने का आकर्षक ऑफर दिया गया।