पीएम आवास योजना के हितग्राहियों का टूटा सब्र का बांधः निगम कार्यालय का किया घेराव, बोले- चार साल पहले पैसे जमा करने के बाद भी नहीं मिला मकान
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पीएम आवास योजना के हितग्राहियों के सब्र का बांध आज टूट गया। तीन परियोजनाओं के हितग्राही नगर निगम कार्यालय का घेराव करने पहुंचे हैं। पीएम आवास योजना का हितग्राहियों को लाभ नहीं मिलने पर जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे है। शहर के बाग मुगलिया,12 नंबर बस स्टॉप एवं गंगानगर परियोजना के हितग्राही प्रदर्शन कर रहे हैं। हितग्राहियों ने बताया कि 4 साल पहले पूरा पैसा जमा करने के बाद भी पीएम आवास नहीं मिला है। ऐसे लगभग तीन हजार हितग्राही आवास के लिए दर-दर भटक रहे हैं। नगर निगम भोपाल एवं ठेकेदार की मिली भगत से देरी का हितग्राहियों ने आरोप लगाया है। हितग्राहियों का आरोप है नगर निगम हर बार नए-नए आश्वासन देता है मकान नहीं।
घेराव को लेकर निगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण ने कहा कि- ठेकेदार को बुलाया गया है। समय पर लोगों को वापस पीएम आवास उपलब्ध हों, इसकी पूरी कोशिश की जा रही है। जिन जिम्मेदार लोगों के चलते आवास समय पर नहीं मिले उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं भ्रष्टाचार के आरोप को गलत बताया है।