भोपाल। मध्य प्रदेशविधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज दूसरा दिन है। वहीं विपक्ष बेरोजगारी, महंगाई को लेकर सरकार को पूरी तरह से घेरने के लिए तैयार है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और कांग्रेसी विधायक हाथों में तख्तियां और कटोरा लेकर विधानसभा पहुंच गए है और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस विधायक गांधी प्रतिमा के नीचे कटोरा लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने हाथ में कटोरा लेकर प्रदर्शन किया साथ ही कांग्रेस के अन्य विधायकों ने भी कटोरा थामा हैं. मध्य प्रदेश में बढ़ते कर्ज को लेकर हाथ में कटोरा लेकर कांग्रेस विधायक नारेबाजी कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस विधायकों के हाथ में तख्तियां भी है, जिसमे प्रति व्यक्ति कर्ज का जिक्र है। उमंग सिंघार ने कहा कि हम
किसान की खाद रोजगार को लेकर कटोरा लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश की आम जनता को कर्ज के दलदल में धकेल रही हैं।
सरकार के अंदर चल रही गुटबाजी- उमंग सिंघार
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि सरकार के अंदर गुटबाजी चल रही है। मंत्री ही एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। बीजेपी को आत्म चिंतन करना चाहिए, भाजपा के विधायक ही अपनी सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। सरकार के कोई काम नहीं हो रहे हैं अगर सरकार ने कोई काम किया है तो विकास पर श्वेत पत्र लाए।