कांग्रेस की महू रैली पर बीजेपी ने साधा निशानाः MLA रामेश्वर शर्मा बोले- राहुल 100 बार नाक रगड़कर माफी मांगे
भोपाल। मध्यप्रदेश के महू में कांग्रेस की रैली और संविधान सभा के कार्यक्रम को लेकर बीजेपी ने राहुल गांधी पर सियासी निशाना साधा है। बीजेपी के विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि- राहुल गांधी 100 बार नाक रगड़कर माफी मांगें। राहुल गांधी के पुरखों ने बाबा साहेब अंबेडकर को अपमानित किया है। 76 साल में 70 बार बाबा साहेब का संविधान बदला है। राहुल के पूर्वज जवाहरलाल नेहरू ने बाबा साहेब को दो बार चुनाव हराया, जीते जी उन्हें संसद में प्रवेश नहीं करने दिया। राहुल की दादी ने 25-30 बार बाबा साहेब के संविधान को बदला, उनके पिताजी ने संविधान को बदला, इसलिए राहुल डॉ भीमराव अंबेडकर जी से, उनके अनुयायियों से 110 बार नाक रगड़कर माफी मांगे, क्योंकि जितना अपमान कांग्रेस ने उनका किया उतना किसी ने नहीं किया है।
आज मोदी जी ने कसम खाई है कि बाबा साहेब के संविधान का देशभर में अक्षरशः पालन करेंगे। डॉ मोहन यादव ने भी मध्यप्रदेश की राजधानी के सबसे बड़े ओवर ब्रिज का नाम अंबेडकर के नाम पर रखा है। जबकि कांग्रेस ने तो उनकी प्रतिमा भी नहीं लगाई। भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर भी भाजपा ने बाबा साहेब की प्रतिमा लगाई। उनकी जन्मस्थली का विकास केवल बीजेपी सरकारों ने किया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी व वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब के जन्मस्थान का विकास कराया है।