मध्य प्रदेश

दुकानदारों की गुंडई तो देखिए…पहले 2 आरक्षक को पीटा, फिर पुलिस टीम पर किया पथराव, ये रही वजह

ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मीट और अंडे की दुकान पर शराब पिलाने से रोकने पर दुकानदारों और कर्मचारियों ने पुलिस पर हमला कर दिया. उन्होंने दो आरक्षक को डंडों से पीटा. जब पुलिस गुंडागर्दी करने वालों को दबोचने पहुंची तो उन्होंने पुलिस पर पथराव कर दिया. हालांकि, इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाला. जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है.

दरअसल, कंपू थाना क्षेत्र के ईदगाह में बंटी कुरैशी, जाकिर कुरैशी, समीर खान और शानू कुरैशी मीट और अंडे बेचने की दुकान लगाते हैं. इसकी आड़ में वह दुकान पर शराब पिला रहे थे. जब कंपू थाने में पदस्थ आरक्षक अभिषेक शर्मा और शैलेंद्र धाकड़ अपनी बीट में देर रात राउंड लगा रहे थे, तभी उनकी नजर दुकान और गुमटी पर पड़ी. जहां कुछ लोग उस दुकान की आड़ में शराब पी रहे थे. जब उन्हें ऐसा करने से रोका तो चारों युवक भड़क गए और दोनों आरक्षक के साथ झूमा-झटकी कर मारपीट की.

आरक्षकों पर हाथ उठाने वालों को दबोचने के लिए थाने से फोर्स पहुंचा तो आरोपियों और उनके हिमातियों ने पुलिसपार्टी पर पथराव कर दिया. इसके बाद पुलिस ने मारपीट करने वाले तीन लोगों को घेराबंदी कर धर दबोचा. जबकि एक आरोपी शानू फरार हो गया. पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोचने के बाद घटनास्थल पर लेकर पहुंची. जहां घटनास्थल का निरीक्षण कर उनका जुलूस निकाला गया. फिलहाल, पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

Leave Your Comment

Click to reload image