सीएम डॉ. मोहन यादव ने 7,900 मेधावी छात्र-छात्राओं को दी स्कूटर की सौगात
भोपाल। मध्य प्रदेश के 7900 मेधावी विद्यार्थियों को आज सीएम डॉ. मोहन यादव ने स्कूटर की सौगात दी। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकुर कन्वेंशन सेंटर में सीएम विद्यार्थियों को पेट्रोल और इलेक्ट्रिक स्कूटर दिए गए। ये सभी वे मेधावी विद्यार्थी हैं, जिन्होंने 12वीं परीक्षा में टॉप किया था।
सभी विद्यार्थियों को सरकार ने विकल्प भी दिया है। जो यह स्कूटर लेना नहीं चाहते हैं या जिनके पास पहले से स्कूटर हैं, उन्हें सरकार 95 हजार रुपये की राशि देगी। वहीं अगर कोई इलेक्ट्रिक स्कूटर लेना चाहता है, तो उसे 1 लाख 20 हजार रुपये दिए जा रहे हैं।
अभिभावकों ने विद्यार्थियों के लिए ड्रेस कोड लागू करने को बताया सार्थक
अब दूसरे महाविद्यालयों की तरह भोपाल के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विज्ञान वाणिज्य महाविद्यालय के विद्यार्थी भी ड्रेस कोड में नजर आएंगे। अगले सत्र से इस महाविद्यालय में भी ड्रेस कोड अनिवार्य कर दिया जाएगा।
इस संबंध में मंगलवार को महाविद्यालय में शिक्षक-अभिभावक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें अभिभावकों से ड्रेस कोड लागू करने के संबंध में सुझाव लिए गए, जिस पर अभिभावकों ने सहमति जताई और इस पहल को सार्थक बताया।
अभिभावक उपस्थित रहे
विद्यार्थियों ने भी ड्रेस कोड पर भी अपना सकारात्मक सहमति दी। बैठक प्राचार्य डा. शालिनी सक्सेना एवं शिक्षक अभिभावक समिति की संयोजक डॉ. कल्पना दवे के निर्देशन में की गई। इसमें स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित थे।
अभिभावकों के साथ प्राचार्य, संबंधित शिक्षक व अभिभावक और कोर कमेटी के साथ अन्य सदस्यों ने चर्चा की। अभिभावकों ने सुझाव दिए कि पुस्तकालय को और अधिक समृद्ध बनाया जाए। इसमें पाठ्यपुस्तकों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें भी शामिल हों, ताकि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने में आसानी हो।