मध्य प्रदेश

डिंडौरी जिले में आपसी विवाद में डंडे से पीट-पीटकर कर बुजुर्ग की हत्या

डिंडौरी। डिंडौरी जिले के समनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघनपुरी में आपसी विवाद के चलते 60 वर्षीय एक वृद्ध की कुछ लोगों द्वारा लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना मंगलवार की रात 8:30 से 9 बजे के बीच के की बताई जा रही है।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर मर्ग कायम किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है। एफएसएल टीम भी बालाघाट से आई और जांच में जुट गई है।

पास ही रहने वाले ने बुजुर्ग को पीटा

 

थाना प्रभारी कमलेश धूमकेती ने बताया कि स्वरूप दास बघेल पिता दबलू बघेल को पास में ही रहने वाले दलवीर मरावी, अश्विनी और उनकी पत्नियों द्वारा गाली गलौज कर लाठी डंडा से बुरी तरह पीट गया।

पिटाई से बुजुर्ग को गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई है। सभी पांच संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही मामले में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

 

इधर... पैदल जा रहे ससुर-दामाद को बाइक ने मारी टक्कर

डिंडौरी जिले के समनापुर थाना अंतर्गत ग्राम नानडिंडौरी निवासी ससुर-दामाद को बाइक सवार ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल चौकी से मिली जानकारी के अनुसार कालू राम वनवासी उम्र 44 वर्ष सोमवार को अपने दामाद मुन्ना वनवासी के साथ किसी काम से अपने घर से पैदल डिंडौरी जा रहा था।

छह बजे के करीब गांव की पुलिया के पास पीछे से आ रहे बाइक चालक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक वाहन सहित फरार हो गया। हादसे में दोनों को चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से डायल 100 वाहन से दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया।

सड़क दुर्घटना में युवक हुआ घायल

 

डिंडौरी जिला मुख्यालय में बाईपास में एक मोड पर सड़क दुर्घटना में 21 वर्षीय युवक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि सुमित पिता श्याम सुन्दर बनवासी वार्ड क्रमांक 14 झुरकी टोला सोमवार को अपने बडे भाई संजय बनवासी की बाइक से अकेला अपने घर झुरकी टोला से धर्मकांटा जबलपुर रोड जा रहा था।

रात लगभग साढ़े आठ बजे के आसपास मंडला बस स्टैंड पुरानी डिंडौरी के आगे बाईपास चौक से आगे मोड पर रोड पर पड़ी गिट्टी के कारण बाइक फिसलकर अनियन्त्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। युवक बाइक सहित गिर गया। राहगीरों ने उसे एक अन्य वाहन से जिला अस्पताल लाकर इलाज के लिए भर्ती कराया।

Leave Your Comment

Click to reload image