प्यार में धोखा: कहीं इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर छात्रा से दुष्कर्म… तो कहीं घुमाने के बहाने अगवा कर जबरन शादी की कोशिश
ग्वालियर : इंस्टाग्राम पर पहले दोस्त और फिर शादी का वादा कर छात्रा से दुष्कर्म का एक मामला सामने आया है। गिरवाई थाना क्षेत्र की इस घटना के बाद से आरोपी ने छात्रा से शादी का वादा कर उसका कई बार शोषण किया।
जब छात्रा ने शादी की बात कही, तो आरोपी ने शादी करने से मना कर दिया। पीड़िता ने थाने पहुंच कर इस मामले की शिकायत दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, रामबाग कॉलोनी शिंदे की छावनी निवासी 23 वर्षीय छात्रा ने शिकायत दी कि छह माह पहले उसकी दोस्ती सिकंदर कंपू निवासी संस्कार उर्फ समर परिहार से इंस्टाग्राम पर हुई थी। इसके बाद उनके बीच बातचीत होने लगी और दोस्ती इतनी गहरी हो गई, उनके बीच शादी का वादा तक हो गया।
एक दिन आरोपी समर उससे मिलने आया और उससे घूमने चलने के लिए कहा। पीड़िता उसके साथ चल दी। इसके बाद आरोपित उसे एक निजी होटल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म कर दिया।
घुमाने के बहाने युवती को राजस्थान ले गया युवक,मामला दर्ज
इसी तरह,बिजौली थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती को बहला फुसलाकर ले जाने के आरोप में वहीं के रहने वाले युवक धर्मेंद्र कुशवाह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बिजौली की रहने वाली युवती और वहीं के युवक धर्मेंद्र कुशवाह की दोस्ती बीते दो वर्ष से थी।
दाेनों की दोस्ती इतनी गहरी हुई के दोनों ने प्रेम में पड़कर शादी करने का विचार बना लिया। लेकिन इसी बीच युवती की शादी कहीं और तय हो गई। युवक ने युवती को मिलने के लिए बुलाया और घूमने चलने का प्रलोभन देकर राजस्थान ले गया।
जब युवती ने कहा कि उसे वापस घर जाना है तो उसने युवती को वापस छाेड़ने आने से मना कर दिया और कहा कि वो दोनों वहीं शादी करेंगे। पुलिस ने युवती को राजस्थान से ही दस्तयाब किया। मुरार थाना पुलिस के सामने युवती ने बयान देते हुए भी इसी बात की पुष्टि की है। पुलिस ने युवती के बयानों के आधार पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।